हिमाचल प्रदेश की टूरिज्म सिटी मनाली जाने के लिए अब लोगों को ज्यादा टोल टैक्स भरना होगा, क्योंकि एक बार फिर टोल रेट बढ़ा दिए गए हैं। आज एक अप्रैल से नई दरें भी लागू हो गई हैं। डोहलूनाला टोल प्लाजा पर नया रेट चार्ट लगा दिया गया है।
एक साल में तीसरी बार बढ़ा टैक्स
चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे अथॉरिटी द्वारा डोहलूनाला टोल प्लाजा पर एक साल में तीसरी बार टैक्स की दरों में इजाफा किया गया है। अप्रैल 2022 में टैक्स 30 रुपए से बढ़ाकर 35 रुपए कर दिया गया। दिसम्बर माह में एकदम से इसे बढ़ा कर 75 रुपए कर दिया गया। अब नया वित्तीय वर्ष शुरू होते ही टैक्स के 10 फीसदी रेट बढ़ा दिए हैं। अब कार चालकों को 75 रुपए की जगह 80 रुपए चुकाने होंगे।
मिनी बस को चुकाने होंगे 125 से 130 रुपए
मिनी बस का टैक्स 125 से 130 और भारी वाहनों 505 रुपए से बढ़कर 520 रुपए हो गया है। बस और ट्रक चालकों को हाईवे ऑथरिटी ने बड़ी राहत दी है। उनके लिए 140 रुपए टोल घटाया गया है। पहले यह 415 रुपए था, लेकिन अब इसे घटाकर 275 रुपए कर दिया गया है।
कुल्लू फलौत्पादक मंडल अध्यक्ष महेंद्र उपाध्याय ने कहा कि टोल टैक्स में इजाफा होने से बंदरोल सब्जी मंडी में फल बेचने वाले बागवानों को इसका सीधा नुकसान उठाना पड़ेगा। मनाली विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि इस मामले को उठाया जाएगा और टोल टैक्स को कम करने के प्रयास किए जाएंगे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.