हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम शुक्रवार से 35 सीटर डीलक्स बस सेवा शुरू करने जा रहा है। इससे 16580 फीट ऊंचाई पर बर्फ से ढंके शिंकुला दर्रे के दीदार हो सकेंगे। डीलक्स बस लेकर शिंकुला दर्रे के ट्रायल पर निकली निगम की टीम ने बस सेवा के लिए हरी झंडी दे दी है। रास्ते पर ट्रायल सफल रहा है।
निगम ने दशहरा सीजन को लेकर कुल्लू-मनाली आने वाले पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए यह बस सेवा शुरू की है। बस का किराया 1000 रुपए निर्धारित किया गया है। निगम की यह बस सुबह 7 बजे मनाली से चलेगी और अटल टनल के दीदार कराते हुए दोपहर को शिंकुला दर्रा पहुंचेगी। एक घंटा बर्फीली वादियों में सैर करने के बाद बस शाम को वापस मनाली लौटेगी।
शिंकुला दर्रे में इन दिनों लगभग एक फीट बर्फ की परत बिछी हुई है। बर्फ से ढंकी वादियों का नजारा देखने योग्य है। पर्यटक यहां पहुंचकर चारों ओर ढंके बर्फ के पहाड़ को देखकर बहुत खुश होगा। हालांकि यह बस सेवा मौसम पर निर्भर रहेगी। पर्यटकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। बर्फबारी होने की सूरत में बस दारचा तक ही जाएगी।
हालांकि रोहतांग दर्रे में भी बर्फ के दीदार दो रहे हैं, लेकिन रोहतांग से अधिक बर्फ शिंकुला में गिरी हुई है। पिछले दिनों हुई बर्फबारी दशहरा सीजन में पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगी। दशहरा के चलते पर्यटकों का कुल्लू मनाली आना शुरू हो गया है। हालांकि नवरात्रि में भीड़ कम है, लेकिन नवरात्रि संपन्न होते ही कुल्लू मनाली में पर्यटकों का सैलाब उमड़ेगा।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम परिवहन शाखा के सहायक प्रबंधक राम पाल ने बताया कि गुरुवार को 35 सीटर डीलक्स बस का शिंकुला दर्रे के लिए सफलतापूर्वक ट्रायल किया गया है। उन्होंने कहा कि निगम शुक्रवार सुबह से बस सेवा शुरू करने जा रहा है। किराया एक हजार निर्धारित किया है। बस सुबह चलकर शाम को वापस मनाली लौट आएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.