जातीय समीकरण पर बंसी लाल को दिया टिकट:आनी में प्रतिभा सिंह बोलीं- पुलिस भर्ती का पेपर लीक नहीं हुआ, बल्कि बेचा गया

कुल्लू7 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
आनी में समर्थकों का अभिवादन स्वीकार करतीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह। - Dainik Bhaskar
आनी में समर्थकों का अभिवादन स्वीकार करतीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह।

हिमाचल के कुल्लू स्थित आनी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी बंसी लाल के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंची कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भाजपा सरकार और संगठन पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने पेपर भर्ती लीक मामले को लेकर सरकार पर टिप्पणी की। इस दौरान सिंह ने आनी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी बंसी लाल के समर्थन में रोड शो किया।

आनी पहुंचने से पहले प्रतिभा सिंह उनके समर्थक और क्षेत्र की जनता हरिपुर और आनी के बीच घंटों ट्रैफिक जाम में फंसे रहे। आनी कस्बे में रो शो के बाद प्रतिभा सिंह ने राजा रघुबीर सिंह स्टेडियम में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान प्रतिभा सिंह ने जहां कांग्रेस प्रत्याशी बंसी लाल के पक्ष में वोट मांगे। वहीं, जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली भाजपा की निवर्तमान सरकार पर जमकर प्रहार भी किए।

उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार में पुलिस भर्ती के पेपर लीक हुए, जबकि असलियत में पेपर लीक नहीं हुए बल्कि बेचे गए। उन्होंने कहा कि भाजपा दुष्प्रचार करती है कि कांग्रेस ने 70 सालों में कुछ नहीं किया, बल्कि उन्हें बताना चाहूंगी कि प्रदेश में विकास कांग्रेस सरकार की ही देन है।

प्रतिभा सिंह के रोड शो में उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़।
प्रतिभा सिंह के रोड शो में उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने आनी विधानसभा क्षेत्र में टिकट की लड़ाई को लेकर स्पष्ट किया कि टिकट किसी का भी काटा नहीं गया। बल्कि जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए बंसी लाल को दिया गया है। बुधवार को आयोजित इस जनसभा में परस राम को छोड़कर बाकी सभी टिकट के दावेदार एक मंच पर दिखे। जबकि, परस राम पहले ही आजाद प्रत्याशी अपना नामांकन भर चुके हैं।