हिमाचल में पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में एसआईटी और पुलिस ने बंजार से टिंबर कारोबारी को गिरफ्तार किया है। मामले में कुल्लू पुलिस भी छानबीन में जुटी थी। अब तक 60 से अधिक अंक लेने वाले 25 अभ्यर्थियों से पुलिस पूछताछ कर चुकी है। इस दौरान पुलिस को बंजार के एक व्यक्ति का लिंक मिला, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार बंजार के जिस व्यक्ति को पुलिस भर्ती घोटाले मामले में गिरफ्तार किया गया है, उसके खाते में 9 लाख रुपए डाले गए हैं। पुलिस ने काफी छानबीन करने के बाद बंजार के ठाकुर दास नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। ठाकुर दास का टिंबर कारोबार है।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में 27 मार्च को पुलिस कांस्टेबल की भर्ती की लिखित परीक्षा का पेपर परीक्षा होने से पहले ही लीक हो गया था। पुलिस विभाग ने इस दौरान 1334 पदों के लिए कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आयोजित की थी। 5 अप्रैल को परिणाम घोषित हुआ था। प्रदेशभर में कुल 81 केंद्रों में लिखित परीक्षा केंद्र थे।
पुरुष पदों के लिए 60 हजार से अधिक और महिला पदों के लिए 14 हजार से अधिक उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल हुए थे और लीक हुआ पेपर प्रदेश के एक हजार से अधिक युवाओं में बंट गया था। उसके बाद इसकी जब जांच हुई तो इसकी परतें खुलने लगी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.