हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में हॉट सीट रही कुल्लू की बंजार विधानसभा से चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री खीमी राम शर्मा के घर लगातार चुनावी मंथन जारी है। हर दिन उनके भुंतर स्थित निवास में विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से लोगों की टोलियां पहुंच रही हैं और अपने-अपने क्षेत्र में मत पड़ने को लेकर मंथन कर रही हैं।
इस दौरान खीमी राम शर्मा ने बातचीत करते हुए कहा कि हर मतदान केंद्र से कार्यकर्ताओं की टोली उनके घर पहुंच रही है, जो अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का आंकलन कर रहे हैं कि कहां से कितने मत पड़ रहे हैं। इसको लेकर मंथन लगातार जारी है। उन्होंने इस दौरान दावा किया है कि प्रदेश में 55 सीटों के साथ कांग्रेस पार्टी की सरकार बन रही है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत की है और बंजार विधानसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत की है। यही कारण है कि कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश में 55 से अधिक सीटें लेकर सत्ता में आ रही है।
चुनाव में यह रहे मुख्य मुद्दे
खीमी राम शर्मा ने कहा कि चुनाव के दौरान भ्रष्टाचार, OPS के अलावा महंगाई मुख्य मुद्दे रहे हैं। आटा, चावल, तेल, घी, दूध हर चीज महंगी हुई है। इसलिए हिमाचल प्रदेश में कुशासन के खिलाफ लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया है।
भाजपा चिंता न करें कहां से देंगे 1500 रुपए
उन्होंने कहा कि भाजपा इस बात की चिंता न करे कि कांग्रेस पार्टी सत्ता में आने के बाद महिलाओं को महीने में 1500 रुपए कहां से देगी। कांग्रेस पार्टी ने कई वर्षों तक देश में शासन किया है, जहां सुई तक नहीं बनती थी, वहां आज जहाज बनने लगे हैं।
कांग्रेस पार्टी की सरकार के लिए 1500 रुपए देना तो मामूली-सी बात है। कांग्रेस पार्टी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में 10 गारंटी दी हैं, जिसमें OPS का मामला पहला मुद्दा रखा गया है। कांग्रेस पार्टी अपनी इन 10 गारंटी को अपने कार्यकाल में पूरा करेगी।
2024 के चुनाव में पड़ेगा प्रभाव
खीमी राम शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने से इसका प्रभाव वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव पर भी पड़ेगा और वर्ष 2024 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी देश में भी अपनी सरकार बनाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.