तांदी में घायल अवस्था में मिला आइबेक्स:पहाड़ी से गिरने से टांगों में लगी चोट, लोगों ने वन विभाग को दी सूचना

कुल्लू4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
लाहौल स्पीति जिला के तांदी में घायल अवस्था में मिला अइबेक्स।

हिमाचल के जनजातीय जिला लाहौल स्पीति के तांदी में एक आइबेक्स घायल अवस्था में मिला है। जिसे लोगों ने पकड़कर वन विभाग को जानकारी दे दी है। इसके साथ ही घायल आइबेक्स का उपचार कराने के लिए पशुपालन विभाग से भी संपर्क किया है।

गौरतलब है कि स्थानीय लोगों को तांदी पुल के पास यह आइबेक्स घायल अवस्था में मिला है। जिसे चलने फिरने में दिक्कत हो रही है। ऐसे में लोगों ने आइबेक्स को पकड़कर रखा है। वन विभाग और पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का इंतजार किया जा रहा है। पूर्व पंचायत प्रतिनिधि सुरेश ने बताया कि स्थानीय लोगों को एक आइबेक्स घायल अवस्था में मिला है।

जिसे स्थानीय लोगों ने अपने पास रखा हुआ है ताकि वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आइबेक्स को उनके हवाले किया जा सके। उन्होंने बताया कि घायल अवस्था में मिले आइबेक्स को गोशाला पंचायत के प्रधान अजीत कुमार ने पकड़ा है। उसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी विभाग को दी है।

उधर, पशुपालन विभाग की एक डॉक्टर ने मौके पर पहुंचकर आइबेक्स को उपचार दिया है। अब वन विभाग के अधिकारियों का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जानकारी मिली है कि यह आइबेक्स पहाड़ी से गिरा है, जिस कारण उसे चोट पहुंची है। उन्होंने बताया कि आइबेक्स की टांगों में चोट पहुंची है।