हिमाचल के कुल्लू में क्राइम की घटनाएं लगातार बढ़ने लगी है। धार्मिक पर्यटन नगरी मणिकरण के कसोल में पर्यटक की हत्या करने का मामला सामने आया है। शव की पहचान बेंगलुरु के युवक सोनू(27) के तौर पर हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की है।
जानकारी के अनुसार शव खून से पूरी तरह से लथपथ था। पुलिस के अनुसार शव ग्रहण नाला से कब्जे में ले लिया है। घटना की बारीकी से जांच करने के लिए साक्ष्य जुटाने को घटना स्थल पर फोरेंसिक सांइंस लैब की टीम को मौके पर बुलाया गया है।
कसोल घूमने आया था सोनू
जानकारी के अनुसार पहले पुलिस को ग्राहन नाला के पास एक शव देखे जाने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई अमल में लाते हुए घटना स्थल का रुख किया। ASP आशीष शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच आरंभ की। उनके अनुसार मृतक की पहचान सोनू (27) पुत्र रवि कुमार निवासी बेंगलुरु कर्नाटक के रूप में हुई है। यह कसोल घूमने आया था।
कसोल में 2 गुटों में हुआ था झगड़ा
पुलिस को प्रारम्भिक जांच में पता चला है कि बीते रोज कसोल में 2 गुटों में झगड़ा हुआ था। उस झगड़े में यह युवक भी शामिल था। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि युवक की हत्या हुई है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
SSP गुरदेव शर्मा ने कहा कि घटना की बारीकी से छानबीन की जा रही है। जानकारी के अनुसार पुलिस इस बात की छानबीन करने में जुट गई है कि पहले हुए झगड़े में कौन-कौन लोग शामिल थे उनकी पहचान की जा रही है ताकि घटना के कारणों तक पहुंचा जा सके और घटना को अंजाम देने वाले लोगों को भी पकड़ा जा सके।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.