सुलह में होगा त्रिकोणीय मुकाबला:BJP से विपिन और कांग्रेस से जगदीश मैदान में, पूर्व विधायक जगजीवन पाल ने निर्दलीय ठोकी ताल

बैजनाथ5 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

हिमाचल के कांगडा स्थित सुलह विधानसभा क्षेत्र में इस बार चुनाव दिलचस्प होता नजर आ रहा है। यहां पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है। यहां से BJP से विपिन सिंह परमार चुनाव लड़ रहे हैं तो कांग्रेस से जगदीश सपहिया को टिकट दी गई है। वहीं, कांग्रेस में पूर्व में विधायक रहे जगजीवन पाल आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं।

पहले इस विधानसभा से जगजीवन पाल को टिकट देने की बात सामने आ रही थी। जिसके बाद उनकी टिकट को काटकर जगदीश सपहिया को टिकट दे दी। जगदीश सपहिया जयसिंहपुर विधानसभा के अंतर्गत आने वाले आलमपुर से संबंध रखते हैं। जगदीश सपहिया कांग्रेस पार्टी के समय KCC बैंक के चेयरमैन भी रह चुके हैं। जगजीवन पाल और विपिन परमार सुलह विधानसभा क्षेत्र से ही संबंध रखते हैं।

विपिन परमार रह चुके स्वास्थ्य मंत्री

विपिन परमार स्वास्थ्य मंत्री भी रह चुके हैं, जिसके बाद वह विधानसभा के अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे। वहीं, जगजीवन पाल के टिकट कट जाने के बाद उन्होंने आजाद उम्मीदवार के रूप मे चुनाव लड़ने का फैसला लिया। आजाद उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे जगजीवन पाल को भी जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है।

उन्हें पता है कि किसके कहने पर कटा टिकट

उन्होंने अपने चुनाव प्रचार के दौरान कहा कि उन्हें पता है कि कांग्रेस से उनका टिकट किस के कहने पर काटा गया है। कहा कि वह समय आने पर उन नेताओं के नाम सार्वजनिक करेंगे। उन्होंने कहा कि वह एक दो नेता के कहने पर चुनाव न लड़ने के फैसले को नहीं बदल सकते हैं। उनके कार्यकर्ता उनके साथ हैं और वह उनके कहने पर ही आजाद उम्मीदवार के रूप मे चुनाव लड़ रहे हैं।

विधानसभा के विकास में नहीं छोड़ी कोई कमी

उन्होंने कहा कि जब वह पहले विधायक थे तो उन्होंने अपनी विधानसभा में विकास के मामले को लेकर कोई कमी नहीं छोड़ी है। आज उसी के परिणाम स्वरूप उन्हें जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस एक साफ छवि वाली पार्टी है। तीनों उम्मीदवारों का कहना है कि लोगों का समर्थन उनको मिल रहा है। अब देखना होगा कि सुलह विधानसभा की सीट किस के खाते में आती है।

खबरें और भी हैं...