हरियाणा के डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख राम रहीम की पैरोल पर हिमाचल भाजपा में ही घमासान मच गया है। हिमाचल के दिग्गज BJP नेता और पूर्व CM शांता कुमार ने राम रहीम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि बलात्कार और हत्या के अपराध में 20 साल की सजा काट रहा राम रहीम पैरोल पर बाहर आकर उपदेश दे रहा है।
वह कह रहा है कि चमत्कार से बेटा होगा। यदि सचमुच यह चमत्कार सही होता तो वह उस चमत्कार से अपने अपराध क्यों नहीं छिपा सका?। वह बलात्कार करने और हत्या के आरोप में कैसे पकड़ा गया?। शांता कुमार की यह बातें इसलिए अहम हैं क्योंकि भाजपा ने उन्हें हिमाचल चुनाव में स्टार प्रचारक बनाया है।
वहीं कुछ दिन पहले हिमाचल में CM जयराम ठाकुर की सरकार के परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने राम रहीम के सत्संग में जाकर आशीर्वाद लिया था। वहीं हरियाणा में भाजपा की ही सरकार पर राम रहीम को बार-बार पैरोल देने के आरोप लग रहे हैं।
20 साल की सजा हुई तो चमत्कार कहां था?
उन्होंने कहा कि राम रहीम को 20 साल की सजा हुई, तब उसका चमत्कार कहां था?। इस विज्ञान के युग में भी कुछ लोग अंधविश्वास से मूर्ख बन रहे है। दुर्भाग्य यह है कि इनमें जनता और नेता यहां तक कि मंत्री भी शामिल है। सत्ता और वोट की भूख नेताओं को अन्धकार में ले जा रही है। 21वीं सदी में भी अंधविश्वास और सत्ता की भूख देश की जनता और नेताओं को अंधकार में ले जा रही है।
बार-बार पैरोल देना दुर्भाग्य, नेता दिलवा रहे
शांता कुमार ने कहा कि भगवान ऐसे नेताओं को सद्बुद्धि दे। बलात्कार और हत्या के अपराधी को बार-बार पैरोल देना दुर्भाग्य ही है। उसे यह सुविधा भी नेता दिलवा रहे हैं। केवल सत्ता और वोट के लिए उस जैसे अपराधी को जेल से बाहर निकाल रहे हैं। देश का कानून बदलना चाहिए। अपराधियों को पैरोल की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.