पालमपुर में शोभा सिंह कला महोत्सव की तैयारी:27 से 29 नवंबर तक अंद्रेटा में हस्तकला प्रदर्शनी के साथ होगा आगाज

बैजनाथ7 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
शोभा सिंह आर्ट गैलेरी। - Dainik Bhaskar
शोभा सिंह आर्ट गैलेरी।

हिमाचल के कांगडा के पालमपुर मे स्थित विख्यात कलाकार शोभा सिंह की 123वीं जयंती के मौके पर शोभा सिंह मेमोरियल आर्ट सोसायटी 27 से 29 नवंबर तक कला ग्राम अंद्रेटा (पालमपुर) में 3 दिवसीय शोभा सिंह कला महोत्सव का आयोजन करेगी। महोत्सव का आगाज स्थानीय हस्तकला प्रदर्शनी से 27 नवंबर को होगा।

इसमें स्वयं सहायता समूहों द्वारा हाथ से बनाए उत्पादों जिनमें बांस और चील की पत्तियों, घास, लकड़ी और पत्थर की मदद से तैयार शिल्प, क्रोशिया और कढ़ाई, व्यर्थ पदार्थो से बनाए उत्पादों को ग्रामीण महिलाओं द्वारा प्रदर्शित कर बेचने के लिए रखा जाएगा। ग्रामीण पाठशालाओं के विद्यार्थियों के लिए ग्रीटिंग कार्ड बनाने की प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। महोत्सव के दौरान कलाकार शोभा सिंह पर वृत्तचित्र,लघुचित्र, स्थानीय लोक कलाओं और विलुप्त लोक कला लिखणु पर रोजाना परस्पर बातचीत आयोजित की जाएगी। महोत्सव में आने वाले मेहमान इस दौरान मिठडू,संचोलू और कांगड़ा घाटी में बनने वाले स्थानीय घरेलु व्यंजनों का स्वाद भी ले सकते है। इस दौरान काव्य गोष्ठी का भी आयोजन किया गया है। महोत्सव के समापन वाले दिन जगराओ (लुधियाना) के जाने-माने कलाकार गुरप्रीत सिंह मनकू के लघु चित्रों पर 1 महीने तक चलने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा।

इस अवसर पर कलाकार की कुछ प्रसिद्व और कम सामने आई कृतियों जैसे भू दृश्य,जल रंग कार्य, फारसी कवि उमरख्याम ग्रीक पौराणिक कथाओं पहाड़ी दुल्हनों आदि पर आधारित 18 व्यू कार्ड का एक सेट जारी किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार के अलावा प्रसिद्ध कला इतिहासकार और कला पारखी किशोरी लाल वैद्य को शोभा सिंह कला पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

यह पुरस्कार शोभा सिंह मेमोरियल आर्ट सोसायटी द्वारा कलाकारों, कला समीक्षकों और अन्य लोगों को सम्मानित किया जाता है, जो संत कलाकार सोभा सिंह के ग्रो मोर गुड दर्शन का प्रचार करते हैं। महामारी के कारण 2 साल के अंतराल के बाद महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कुछ अन्य संस्थाओं व संगठनों द्वारा चंडीगढ़,जगराओं और बठिंडा में भी कलाकार की जयंती मनाई जाएगी।

खबरें और भी हैं...