गोताखोरों ने दंपती की बचाई जान:जयसिंहपुर में व्यास नदी पर बने वाटर टैंक में 2 दिन से फंसे थे पति-पत्नी

बैजनाथ10 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
रेस्क्यू के बाद खुशी जाहिर करते दंपती व अन्य। - Dainik Bhaskar
रेस्क्यू के बाद खुशी जाहिर करते दंपती व अन्य।

हिमाचल के कांगड़ा स्थित जयसिंहपुर की पंचायत लोअर लंबागांव के गांव पंडेहड के दंपती पिछले 2 दिन से व्यास नदी पर बनाए गए वाटर टैंक में फंसे थे। जानकारी मिलते ही पंचायत प्रधान ने प्रशासन को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर दंपती की जान बचाई।

पंडेहड निवासी नीटू राम जल शक्ति विभाग में कार्यरत हैं। नीटू राम और उसकी पत्नी निशा देवी गुरुवार शाम को टैंक पर गए थे। जब वह वापस घर आने लगे तो बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया। जिस कारण रात को उन्होंने वहीं रुकने का फैसला किया।

शुक्रवार को भी नदी का जलस्तर कम नहीं हुआ। शनिवार सुबह जब लोगों को इस घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पंचायत प्रधान सुमन मेहरा को सूचित किया। प्रधान मेहरा ने तुरंत प्रशासन को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही जयसिंहपुर की SDM अपराजिता चंदेल, तहसीलदार, अग्निशमन विभाग और थाना प्रभारी जगदीश चंद टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

व्यास नदी में फंसे दंपती की खबर विधायक रवि धीमान ने सुनी तो वह भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान दंपती को रेस्क्यू करने के लिए आलमपुर से 4 तैराकों को बुलाया गया। नदी के तेज बहाव के बाद भी तैराक दंपती को रेस्क्यू करने में जुट गए। कुछ देर बाद सफलतापूर्वक दोनों की जान बचा ली गई।