हिमाचल में छोटी काशी में बनेगा ग्रीन क्रिमोटोरियम:मंडी शहर के हनुमानघाट लगेगी यूनिट, आसपास के घरों-लोगों को धुएं व बदबू से मिलेगी निजात

मंडी4 महीने पहले

हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी के मुख्य मोक्षधाम में ग्रीन क्रिमेटोरियम बनाने का काम शुरू हो गया है। अमेरिका में रह रहे मंडी निवासी शिक्षाविद पुष्प कपूर ने इसे फाइनेंस किया है। पुष्प कपूर प्रतिभा पुष्प फाउंडेशन नाम से एक सामाजिक संस्था चलाते हैं।

फाउंडेशन की ओर से इस मदद पर 25 से 30 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। ग्रीन क्रिमेटोरियम से पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों से बल मिलेगा, क्योंकि धुंआ उत्सर्जन घटकर लगभग आधा हो जाएगा। सिस्टम में करीब 100 फीट ऊंची चिमनी लगाई जा रही है।

सामान्य तौर पर मृत प्राणी के अंतिम संस्कार करने में 4 से साढ़े 4 क्विंटल लकड़ी की सामान्य भट्‌ठी में खपत होती है, जबकि ग्रीन क्रिमेटोरियम सिस्टम में सिर्फ डेढ़ क्विंटल लकड़ी से शवदाह किया जा सकेगा। फरीदाबाद का एक NGO यहां ग्रीन क्रिमेटोरियम को स्थापित करके देगा।

यूनिट पहुंच चुकी है, जिसकी फिटिंग का काम इन दिनों चल रहा है। जल्द ही ग्रीन क्रिमेटोरियम का संचालन शुरू हो जाएगा। बता दें कि सामाजिक सरोकारों के प्रति पुष्प कपूर हमेशा समर्पित रहे हैं। वह अपने शहर मंडी के बारे में बहुत सोचते हैं और हमेशा मदद के लिए तैयार रहते हैं।