हिमाचल के मंडी स्थित द्रंग के सरस्वती विद्या मंदिर नगवांई के छात्र आर्यन कौशल ने अंडर-14 वर्ग में राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में ऊंची कूद में गोल्ड मेडल हासिल किया। खिलाड़ी छात्र की इस उपलब्धि से स्नोर घाटी में जश्न का माहौल है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हुई राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद स्कूल पहुंचने पर खिलाड़ी छात्र का गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय ठाकुर, स्टाफ और प्रबंधन समिति ने खिलाड़ियों और शारीरिक शिक्षक एवं कोच भाग सिंह का आज नगवांई पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। प्रधानाचार्य संजय ठाकुर ने बताया कि सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय के छात्र हर वर्ष क्षेत्रीय खेलों और राष्ट्रीय खेलों में भाग लेते हैं। इस बार उत्तर क्षेत्रीय खेलों में 8 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
इनमें से राष्ट्रीय खेलों के लिए तीन खिलाड़ी प्रिया, करुणा और आर्यन का चयन हुआ था। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक भाग सिंह ठाकुर ने बताया कि अब यह खिलाड़ी आगामी स्कूल खेलकूद संघ ऑफ इंडिया (SGFI) की खेलों में भाग लेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.