हिमाचल के मंडी स्थित धर्मपुर से कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रशेखर ने अपना नामांकन पत्र चुनाव अधिकारी करतार धीमान को सौंपा। चंद्र शेखर ठीक सवा एक बजे चुनाव अधिकारी के कार्यालय में पहुंचे और अपना नामांकन पत्र चुनाव अधिकारी को सौंपा। नामांकन भरने के बाद चंद्रशेखर के हजारों समर्थकों ने धर्मपुर बाजार में रैली निकलते हुए जनसभा स्थल पहुंचे।
जिसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह ने विशेष रूप से कांग्रेस प्रत्याशी को अपना आशीर्वाद दिया और उपस्थित भारी जनसमूह से कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। जनसभा के दौरान प्रतिभा सिंह ने प्रदेश की निवर्तमान सरकार व केंद्र की भाजपा सरकार को खूब खरी खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने BJP को सरकार बनाने का अवसर प्रदान किया था।
BJP सरकार में चरम सीमा पर रहा भ्रष्टाचार
लेकिन, प्रदेश की जनता को निराशा के सिवाय कुछ नहीं मिला। भ्रष्टाचार चरमसीमा पर रहा। पुलिस भर्ती के पेपर तक बेचे गए। जो सब सरकार व उच्च अधिकारियों की देखरेख में हुआ। प्रदेश के नौजवानों को रोजगार देने में सरकार विफल रही है। केंद्र की मोदी सरकार जिन्होंने जनता से वादा किया था कि हर वर्ष दो करोड़ लोगों को रोजगार दिया जाएगा, लेकिन केंद्र की सरकार भी रोजगार देने में विफल रही।
कांग्रेस कार्यकाल में 450 रुपए में मिलता था गैस सिलेंडर
अगर उन्होंने अपने वादे को निभाया होता तो 8 साल में 16 करोड़ लोगों को रोजगार मिल गया होता। जबकि रोजगार देने के बजाय नौकरियां छीन ली गईं। महंगाई की सीमा चरम पर है, जो गैस सिलेंडर कांग्रेस के शासन में 450 रुपए का आता था आज 1200 रुपए का हो गया है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि अगर आप लोगों के सहयोग से कांग्रेस पार्टी की सरकार बनती है तो रोजगार के द्वार खोल जाएंगे और ओल्ड पेंशन को भी लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने राजा वीरभद्र सिंह द्वारा कराए गए धर्मपुर के विकास को भी लोगों को याद कराया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.