मंडी में 2 नशा तस्कर गिरफ्तार:सुंदरनगर और बल्ह से पकड़े गए, एक से 10 और दूसरे से 5 ग्राम चिट्‌टा बरामद, नाके के दौरान कार्रवाई

सुंदरनगर4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
प्रतीकात्मक तस्वीर - Dainik Bhaskar
प्रतीकात्मक तस्वीर

हिमाचल प्रदेश के जिले मंडी की पुलिस का नशा माफिया के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। ताजा मामले में पुलिस ने 2 अलग-अलग स्थानों पर 2 युवकों से कुल 14.25 ग्राम चिट्‌टा बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, मंडी जिला पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट की टीम ने चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर सुंदरनगर के पुंघ में नाका लगा रखा था, जहां आने-जाने वाले हर वाहन की जांच की जा रही थी। इस दौरान जालंधर से मणिकर्ण मार्ग पर चलने वाली पंजाब रोडवेज की एक बस जांच के लिए रोक गई तो उसमें सवार 20 वर्षीय सुमित निवासी गुटकर बल्ह पुलिस को देखकर घबरा गया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 9.77 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

वहीं दूसरे मामले में पुलिस थाना बल्ह के अंतगर्त हेड कांस्टेबल रजत कुमार ने थाना के अन्य कर्मचारियों के साथ गश्त के दौरान सयोरा पुल के समीप बैठे अमित कुमार पुत्र मलकीत सिंह गांव और डाकघर कुम्मी तहसील बल्ह जिला मंडी के कब्जे से 4.48 ग्राम चिट्टा बरामद किया। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

SP मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि सुंदरनगर के पुंघ और बल्ह में पुलिस ने 2 अलग-अलग मामलों में 14.25 ग्राम चिट्टा बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों मामलों में 2 युवकों को गिरफ्तार किया है और पुलिस मामले में जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...