हिमाचल के मंडी स्थित सराज विधानसभा क्षेत्र के उपमंडल थुनाग के गांव बगल्यारा के 2 बकरी पालकों की कुल 22 बकरियों पर जंगली जानवर ने जानलेवा हमला कर दिया। जानवर के हमले से 4 बकरियों की मौत हो गई। जबकि 3 बकरियां जिंदा मिली हैं। हालांकि अभी भी 15 बकरियां लापता हैं। थुनाग प्रशासन द्वारा स्थानीय राजस्व अधिकारी को बकरी पालकों के हुए नुकसान का जायजा लेने के आदेश दे दिए हैं।
वहीं, राजस्व अधिकारी द्वारा अभी तक दोनों बकरी पालकों का कुल 1.20 लाख रुपए के नुकसान का आकलन किया गया है। मामले में लापता अन्य 15 बकरियों की तलाश अभी जारी है।
तुले राम ने 15 बकरियों पर हमले की दी जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत रोज उपमंडल थुनाग की ग्राम पंचायत मुरहाग के गांव बगल्यारा के बकरी पालक तुले राम पुत्र नरायण सिंह ने 15 बकरियों पर जंगली जानवर द्वारा हरनालनाला जंगल में हमला करने की शिकायत प्रशासन के समक्ष दर्ज करवाई थी। इसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से तुले राम की 3 बकरियों को जिंदा और 3 बकरियों को मृत अवस्था में बरामद कर लिया गया।
धर्म चंद की 6 बकरियां लापता
लेकिन, अभी भी प्रभावित तुले राम की 9 शेष बची बकरियां लापता हैं। जिन्हें ढूंढने को लेकर प्रयास जारी है। वहीं, गांव बगल्यारा के ही रहने वाले एक अन्य बकरी पालक धर्म चंद पुत्र मोती राम ने भी 7 बकरियों को जंगली जानवर द्वारा हमला करने की शिकायत प्रशासन के समक्ष दर्ज करवाई थी। इनमें से एक बकरी मृत मिली है। जबकि अन्य 6 लापता हैं। लापता बकरियों को ढूंढा जा रहा है।
बकरी ढूंढने का प्रयास जारी
मामले में दोनों बकरी पालकों के नुकसान का जायजा उपमंडल थुनाग के पटवार वृत कांढी के ग्रामीण राजस्व अधिकारी द्वारा लिया गया है। इसके उपरांत आकलन में दोनों बकरी पालकों का कुल 1.20 लाख रुपए का अभी तक नुकसान हो चुका है। SDM थुनाग पारस अग्रवाल ने कहा कि बकरी पालकों की लापता बकरियों को ढूंढने को लेकर प्रयास जारी है। नुकसान का आकलन करने को राजस्व अधिकारी को कहा गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.