- Hindi News
- Local
- Himachal
- Himachal Municipal Voting For 4 Corporations And 6 Panchayats Continues In Himachal Municipal Elections, For The First Time In The History Of The State, The Credibility Of The Veterans Is At Stake
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
हिमाचल नगर निकाय चुनाव:4 निगमों और 6 पंचायतों के लिए मतदान जारी, सूबे के इतिहास में पहली बार लगी दिग्गजों की साख दांव पर; आज ही पता चलेगा कौन-कितने पानी में
धर्मशाला में नगर निगम चुनाव के लिए वोट डालने पहुंचे लोग और उनकी मदद के लिए तैनात चुनावी अमला।
हिमाचल प्रदेश में चार नगर निगमों और छह नगर पंचायतों के लिए सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। शाम चार बजे मतदान खत्म होने के तुरंत मतों की गणना का क्रम शुरू हो जाएगा और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार एक साथ होने जा रहे चार नगर निगमों के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। पार्टी सिंबल पर हो रहे चुनाव को भाजपा और कांग्रेस ने बहुत गंभीरता से लिया है। इनके नतीजों की छाया आगामी उपचुनावों के अलावा अगले वर्ष होने जा रहे विधानसभा चुनाव पर भी पड़ सकती है। कैसे चल रही है वोटिंग प्रक्रिया...
- चार नगर निगमों नगर निगम मंडी, धर्मशाला, पालमपुर और सोलन में पहली बार पार्टी निशान पर चुनाव करवाए जा रहे हैं।
- सुबह नौ बजे तक चारों निगम में मतदान प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ी।
- इससे पहले मंडी में सुबह ही मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। सुबह ही पोलिंग बूथ में भीड़ जुटने लगी।
- धर्मशाला में सुबह आठ बजे से कम हलचल दिखी। मतदाता घर से निकले, लेकिन कम संख्या में।
- शिमला जिले के चौपाल की 48 पंचायतों, टुटू ब्लॉक की 24 पंचायतों और मंडी के धर्मपुर ब्लॉक की 49 पंचायतों के प्रधानों के लिए मतदान बैलट पेपर से हो रहा है।
- इसके अलावा छह नगर पंचायतों चिडग़ांव, नेरवा, आनी, निरमंड, कंडाघाट और अम्ब में भी EVM से वोटिंग जारी है।
- मतदान केंद्र में बिना मास्क के किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। थर्मल स्कैनिंग करने के साथ सैनिटाइजर आदि की व्यवस्था है।
यह है चुनावी जोर-आजमाईश का गणित
- नगर निगमों की 64 सीटों के लिए 279 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। भाजपा और कांग्रेस ने सभी वार्ड से प्रत्याशियों को उतारा है। माकपा ने सिर्फ मंडी में दो प्रत्याशी व आम आदमी पार्टी ने 43 प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा है। नगर निगम में 106 निर्दलीय मैदान में हैं।
- इनमें नया नगर निगम मंडी सबसे हॉट बन गया है। यहां 15 वार्ड हैं। मंडी सदर से पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के बेटे अनिल शर्मा भाजपा विधायक हैं। उन पर कांग्रेस का पक्ष लेने का आरोप है। सीएम उन्हें कार्रवाई की भी चेतावनी दे चुके हैं। जयराम ठाकुर का गृह जिला होने के कारण वह इस नवगठित निगम की जंग में किसी भी सूरत में चूकना नहीं चाहते हैं।
- नगर निगम धर्मशाला में 17 वार्डों के लिए चुनाव हो रहे हैं। भाजपा ने इस निगम पर भाजपा का परचम लहराने की जिम्मेवारी वन मंत्री राकेश पठानिया को सौंपी है। कभी धूमल खेमे में रह चुके पठानिया की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से निकटता है, इसलिए जिम्मेवारी बढ़ गई है।
- नगर निगम पालमपुर के गठन में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार की बड़ी भूमिका रही है, मगर वह सक्रिय राजनीति से हट चुके हैं। यहां 15 वार्डों में चुनाव हो रहे हैं। भाजपा ने यहां चुनाव जिताने की खास जिम्मेवारी उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह को दी है।
- नगर निगम सोलन में 17 वार्डों मे चुनाव हैं। यहां भाजपा के चुनाव प्रबंधन में कुशाग्र माने जाने वाले पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। बिंदल के प्रबंधन पर सबकी नजरें हैं, जिसका तोड़ निकालने के लिए राजेंद्र राणा यहां कांग्रेस के प्रभारी हैं। पूर्व मंत्री तथा सोनिया गांधी की टीम में रहे कांग्रेस वर्किंग कमेटी के पूर्व सदस्य स्थानीय विधायक धनीराम शांडिल भी यहां खासी जद्दोजहद कर रहे हैं।