हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। राज्य आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने बताया कि निचार तहसील में NH-5 पर चौरा गांव में मलबे से 6 शव निकाले गए। इनमें से तीन की पहचान राकेश कुमार, करुणेश और सुरेश के रूप में हुई है। 9 लापता लोगों की तलाश जारी है।
अधिकारी ने बताया कि टाटा सुमो के अंदर 8 लोग थे, उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। एक ट्रक मलबे के साथ खाई में गिर गया था, उसके ड्राइवर का शव भी बरामद कर लिया गया है। पत्थर और मिट्टी हटाने के लिए प्रशासन की ओर से बड़ी-बड़ी मशीनें लगाई गई हैं। NDRF, सेना, ITBP पुलिस बल, हिमाचल पुलिस, गृह रक्षक और अग्निशमन विभाग के कर्मी सर्च अभियान में जुटे हैं।
अभी भी गिर रहे पहाड़ी से पत्थर
लैंडस्लाइड वाली जगह पर अभी भी पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। ITBP के जवान और NDRF की टीम उस जगह पर भी गई, जहां से लैंडस्लाइड हुई थी। टीम को पता चला कि अभी यहां और भी ऐसी चट्टानें हैं, जो गिरने की कगार पर हैं। इसलिए कुछ लोगों को वहीं पर बिठाया गया है, ताकि अगर यहां से पत्थर गिरते हैं तो वह नीचे रेस्क्यू में लगे लोगों को वायरलेस के जरिए सूचना दे सकें।
लापता हैं 18 से 20 लोग
जिला प्रशासन को आशंका है कि परिवार के सदस्यों से मिली जानकारी के अनुसार लगभग 18 से 20 लोग लापता हैं। परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचकर शवों का पता लगाने का इंतजार कर रहे हैं। NDRF के एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस को खोजी दल की मदद के लिए खोजी कुत्तों को तैनात करने के लिए कहा गया है।
सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए आसपास को लोग
इस बीच आज सुबह ली गई तस्वीरों के मुताबिक लाहौल स्पीति में चेनाब नदी का प्रवाह सामान्य हो गया है। DC लाहौल स्पीति नीरज कुमार ने कहा कि स्थानीय निवासियों के लिए कोई खतरा नहीं है। भूस्खलन स्थल के आसपास के 11 ग्रामीणों को अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.