हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल स्पीति और कुल्लू में दो दिन लगातार बर्फबारी के बाद गुरुवार को मौसम थोड़ा खुला। बर्फ से लकदक पहाड़ सूरज की किरणों से चमक उठे। सबसे ज्यादा कुल्लू के कोठी में 70 CM तक हिमपात हुआ। केलांग में बर्फ 9 CM तक मोटी परत जमी है। प्रशासन सड़कों और अन्य स्थानों से बर्फ हटाकर जनजीवन को सामान्य बनाने के प्रयास में लगा है। अभी तक अटल टनल से यातायात सुचारु नहीं हो पाया है।
हिमाचल में मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से ताजा बर्फबारी का आंकड़ा जारी किया गया है। इस आंकड़े के अनुसार सबसे ज्यादा बर्फ कुल्लू के कोठी में 70 CM तक जमी हुई है। लाहौल के गांदला में 20 CM, शिमला के कदरैली में 17.7, कुफरी में 15 CM, कलपा में 17.2CM, किन्नौर के पूह में 12 CM, चंबा के छतराडी में 8 CM बर्फबारी रिकार्ड की गई है। जनजातीय जिला मुख्यालय केलांग में ही 9 CM मोटी बर्फ की परत जमी है।
पटरी पर लौटने लगा सामान्य जनजीवन
सड़क मार्गों और यहां-वहां बर्फ जमी होने के कारण इन क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है। फिलहाल प्रशासन के साथ-साथ लोगों ने भी अपने स्तर पर बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। बर्फबारी के बाद गुरुवार को लाहौल और कुल्लू में मौसम साफ होने के बाद धीरे धीरे जनजीवन पटरी पर लौटने लगा। लोग घरों-वाहनों पर जमी बर्फ हटाने में जुट गए।
लोक निर्माण विभाग और BRO ने बर्फबारी के कारण बंद सड़कों को बहाल का काम शुरू किया है। अभी तक अटल टनल के माध्यम से लाहौल-मनाली के बीच वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हुई है। सड़क से बर्फ की परत हटाने के बाद ही घाटी में वाहनों का आवागमन शुरू होगा।
पर्यटकों की अठखेली जारी
दो दिनों से लगातार मौसम खराब होने के कारण लोग अपने घरों में ही दुबके हुए थे। गुरुवार को मौसम साफ हुआ तो वे घरों से बाहर निकले। उन्होंने धूप का आनंद लिया और दिनचर्या के कार्य भी आरंभ किए। उधर, मनाली में पर्यटक बर्फ के बीच अठखेलियां करते हुए नजर आए। मनाली में गुरुवार दोपहर बाद पर्यटकों ने माल रोड पर हुई बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.