हिमाचल पथ परिवहन निगम ने लंबित मांगों को लेकर प्रस्तावित हड़ताल वापस ले ली है। हड़ताल से ठीक 2 घंटा पहले सरकार से वार्ता का निमंत्रण मिलने के बाद परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया। इससे पहले समिति ने ऐलान कर दिया था कि वह सोमवार रात 12 बजे से हड़ताल पर जाएंगे।
वहीं निगम कर्मचारियों की मांगों को लेकर आज बैठक होगी। समन्वय समिति का कहना है कि इस बैठक के बाद ही आंदोलन की आगामी रणनीति बनाई जाएगी। अब देखना यह है कि बैठक में क्या निकल कर सामने आता है।
गौरतलब है कि परिवहन कर्मचारी समन्वय समिति के बैनर तले एचआरटीसी के कर्मचारी आज 1 दिन की हड़ताल पर थे, लेकिन रविवार देर रात तक चली बैठक के बाद सरकार से वार्ता का निमंत्रण मिलने मिला और हड़ताल से 2 घंटे पहले समिति ने अपने फैसला वापस ले लिया।
अतिरिक्त मुख्य सचिव परिवहन की अध्यक्षता में होगी बैठक
शाम 4 बजे परिवहन कर्मचारियों की मांगों को लेकर राज्य सचिवालय में अतिरिक्त मुख्य सचिव परिवहन की अध्यक्षता में बैठक होगी। इसमें जेसीसी के पदाधिकारी भाग लेंगे। इसी बैठक के आधार पर आगामी रणनीति तय की जाएगी। सरकार की ओर से कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया है।
समिति के पदाधिकारी बोले- वार्ता का निमंत्रण मिलने पर की हड़ताल स्थगित
हिमाचल परिवहन समन्वय समिति के उपाध्यक्ष मान सिंह व सचिव शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि सरकार की तरफ से वार्ता का निमंत्रण मिलने के बाद हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। बैठक के बाद ही आगामी रूपरेखा तैयार होगी। अगर बैठक में उनकी सभी मांगों को पूरा नहीं किया जाता तो परिवहन कर्मचारी समन्वय समिति आगामी दिनों में कर्मचारियों की मांगों को लेकर उग्र आंदोलन करेगी। इतना ही नहीं कर्मचारी फिर से हड़ताल पर भी जा सकते हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.