AAM AADMI Party Punjab CM Bhagwant Mann And Delhi Deputy CM Manish Sisodia Will Announce Guarantee
AAP की हिमाचल प्रदेश को शिक्षा की 5 गारंटी:हर बच्चे को अच्छी और फ्री शिक्षा; प्राइवेट स्कूलों को फीस नहीं बढ़ाने देंगे
शिमला9 महीने पहले
कॉपी लिंक
हिमाचल प्रदेश में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है। इस दौरान दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने हिमाचल प्रदेश को शिक्षा से जुड़ी 5 गारंटी दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल के स्कूलों में 11 लाख बच्चे पढ़ते हैं। 2 हजार स्कूल ऐसे हैं, जहां सिर्फ 1 टीचर है। वहां 5वीं और 8वीं क्लास तक के बच्चे पढ़ते हैं।
सिसोदिया ने कहा कि यह बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ है। साढ़े 6 हजार स्कूल ऐसे हैं, जहां 2 टीचर स्कूल चला रहे हैं। हिमाचल प्रदेश की सरकार शिक्षा पर 8 हजार करोड़ खर्च करती है, यह पैसा कहां जा रहा है?। 47% कॉलेजों में प्रिंसिपल नहीं हैं। इन्हें ठीक करने की जगह हिमाचल के सीएम प्राइवेट कॉलेजों के पोस्टर ब्वॉय बने हुए हैं।
आप की हिमाचल को शिक्षा की 5 गारंटी
हर परिवार के हर बच्चे को अच्छी और फ्री शिक्षा देंगे।
दिल्ली की तरह सभी सरकारी स्कूलों को शानदार बनाएंगे।
हिमाचल में प्राइवेट स्कूलों को नाजायज फीस नहीं बढ़ाने देंगे।
कच्चे शिक्षकों को पक्का कर सभी खाली पद भरे जाएंगे।
शिक्षकों से पढ़ाई के अलावा दूसरा काम नहीं दिया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते पंजाब के CM भगवंत मान।
पंजाब की तरह हिमाचल को तीसरा रास्ता दे रहे : भगवंत मान
इससे पहले पंजाब के CM भगवंत मान ने कहा कि हमारी पार्टी शक्ति प्रदर्शन नहीं करती। लोगों को दिहाड़ी पर लाकर अपनी जय-जयकार नहीं करती। मान ने कहा कि हिमाचल और पंजाब की मुश्किलें एक जैसी हैं। दोनों पड़ोसी राज्य हैं। मार्च 2022 से पहले पंजाब में भी यही हाल था कि 5-5 साल बाद पार्टियां सत्ता में आती रहती थी। लोगों के पास कोई रास्ता नहीं था। पंजाब को तीसरा रास्ता मिल गया। सरकार बने सिर्फ 5 महीने हुए हैं लेकिन हमने 70 साल से ज्यादा काम किए हैं।
पंजाब CM भगवंत मान की बड़ी बातें
पंजाब में हर रोज भ्रष्टाचारी पकड़े जा रहे हैं। इसके लिए हमने हेल्पलाइन शुरू की है। भ्रष्टाचारियों और अफसरों ने अब पता करना शुरू किया कि हमारा वेतन कितना है। इससे पहले वेतन तो बोनस जैसा था।
पंजाब में पहले अजीब रूल था कि जितनी बार विधायक चुने गए, उतनी बार पेंशन मिलती थी। हर बार की 65 हजार पेंशन मिलती थी। अब यह नियम बना दिया कि चाहे जितनी बार विधायक बने, सिर्फ एक ही बार की पेंशन मिलेगी।
पंजाब में हमने गारंटी के हिसाब से 1 जुलाई से 2 महीने में 600 यूनिट बिजली फ्री कर दी है। सितंबर में पहला बिल आएगा। मैंने बिजली बोर्ड से डेटा लिया है, 74 लाख मीटर में से 51 लाख को जीरो बिल आएगा।
स्वास्थ्य की गारंटी में दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक मॉडल को पंजाब में लागू कर दिया है। जिसमें एक डॉक्टर, एक फार्मासिस्ट, एक नर्स और रिशेप्सनिस्ट है। यहां डॉक्टर फ्री मरीज देखेंगे। दवाई भी फ्री मिलेगी। मोहल्ला क्लीनिक में 98 तरह के टेस्ट होंगे। हमने 100 मोहल्ला क्लीनिक चालू कर दिए हैं।
पंचायती जमीन और जंगलात की जमीनों पर अवैध कब्जों की जांच की। इसकी लिस्ट देखी तो 50 हजार एकड़ जमीन पर कब्जा देख मैं हैरान हो गया। हमने कोर्ट से कागज लिए। अब तक 9500 एकड़ कब्जे से छुड़वा चुके हैं।
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई में 2-3 मंत्रियों को अंदर किया। इनमें एक मंत्री तो हमारा ही था। आज हालात यह हैं कि पुरानी कैबिनेट के कई लोग विदेश जा चुके हैं कि कहीं कार्रवाई न हो जाए। उन पर कार्रवाई होगी।
आने वाले दिनों में बुढ़ापा पेंशन की डोर टू डोर डिलीवरी होगी। बुजुर्ग बैंकों की लाइन में नहीं लगेंगे। उन्हें बुढ़ापा टेंशन नहीं बल्कि पेंशन देंगे। बायोमीट्रिक से निशान लेकर घर पर ही पैसे दिए जाएंगे।
पंजाब में 9 मेडिकल कॉलेज पहले से हैं। हम 16 और नए मेडिकल कॉलेज बना रहे हैं। इसके बाद 25 मेडिकल कॉलेज हो जाएंगे।
जनता की सुविधाओं को फ्री की रेवड़ी कहने वाले बताएं कि उनके 15-15 लाख के पापड़ कहां गए?। लोगों को 15 लाख तो क्या देने थे?, उनके घर में जो कुछ हजार थे, वह भी नोटबंदी कर ले लिए।
कार्यक्रम में मौजूद लोग।
हिमाचल में सक्रिय सिसोदिया
मुख्यमंत्री बनने के बाद भगवंत मान पहली बार शिमला पहुंचे हैं, जबकि मनीष सिसोदिया इससे पहले दो बार शिमला आकर प्रदेश की सियासत को गरमा चुके हैं। आज दोनों AAP नेता चुनावी घोषणा पत्र में शामिल की जाने वाली कुछ सेवाओं का ऐलान करेंगे। जाहिर है कि इसके बाद प्रदेश का सियासी पारा और चढ़ने वाला है।