पूर्व IAS अधिकारी RD धीमान ने आज हिमाचल के नए मुख्य सूचना आयुक्त के पद की शपथ ग्रहण की। प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह आज सुबह 11:30 बजे राजभवन में हुआ।
धीमान कल मुख्य सचिव के पद से रिटायर हुए हैं, लेकिन राज्य सरकार ने उनकी सेवानिवृत्ति से पहले ही उन्हें प्रदेश का मुख्य सूचना आयुक्त बना दिया। समारोह में मंच संचालन हिमाचल के नवनियुक्त मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने किया।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कल देर रात प्रबोध सक्सेना को नववर्ष का तोहफा देते हुए मुख्य सचिव नियुक्त किया। वहीं समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित, नवनियुक्त मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे।
हिमाचल को 6 महीने बाद मिला मुख्य सूचना आयुक्त
प्रदेश को 6 महीने बाद मुख्य सूचना आयुक्त मिला। पद 30 जून 2022 को नरेंद्र चौहान की सेवानिवृति के बाद खाली हो गया था। हालांकि राज्य सरकार ने हाल ही में सूचना आयुक्त की नियुक्ति की है और धीमान को मुख्य सूचना आयुक्त बनाने की घोषणा शुक्रवार देर शाम की गई।
धीमान 3 साल बने रहेंगे मुख्य सूचना आयुक्त
पूर्व IAS अधिकारी RD धीमान अगले 3 सालों तक मुख्य सूचना आयुक्त बने रहेंगे। इस महत्वपूर्ण पद पर रहकर धीमान किसी विषय पर प्राप्त शिकायतों के मामले में संबंधित व्यक्ति से पूछताछ करेंगे। इसके अलावा मुख्य सूचना आयुक्त बनने पर वह उचित आधार होने पर किसी भी मामले में अपने आप संज्ञान लेकर जांच के आदेश दे सकेंगे।
किसी भी संवैधानिक संस्था को खाली नहीं रखा जाएगा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि सरकार किसी भी संवैधानिक संस्था को खाली नहीं रखेगी। जल्द उन संवैधानिक संस्थाओं के खाली पदों को भरा जाएगा, जो जनता के सरोकार से जुड़े हुए हैं। मुख्यमंत्री ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार में संवैधानिक संस्थाओं को खाली रखा गया।
सूचना प्राप्त करने का अधिकार हर व्यक्ति को है। पूर्व सरकार ने न जाने किस घबराहट में मुख्य सूचना आयुक्त का पद खाली रखा, लेकिन अब किसी भी संवैधानिक संस्था में पद खाली नहीं रखा जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज मुख्य सूचना आयुक्त आरडी धीमान के शपथ ग्रहण समारोह के बाद मीडिया से बात करते हुए कही।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.