हिमाचल कांग्रेस को समय से पहले चुनाव करवाए जाने का आभास है। इसके दृष्टिगत कांग्रेस ने मंगलवार को दिल्ली में प्लान B पर तैयार किया। प्लान B यानी समय से पहले चुनाव करवाए गए तो इसके लिए कांग्रेस नेताओं को अभी से तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की पहले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ बैठक हुई। बाद में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ देर रात तक बैठक चली। इसमें दोनों राष्ट्रीय नेताओं के साथ मिशन सत्ता को लेकर रोडमैप तैयार किया गया।
कांग्रेस के दोनों राष्ट्रीय नेताओं ने राज्य की भाजपा सरकार को पुलिस कांस्टेबल पेपर लीक मामले, महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर आम जनता के बीच जाने के निर्देश दिए हैं। राजीव शुक्ला ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा यह भूलकर जमीन स्तर पर काम शुरू करना होगा। राज्य की सत्ता से भाजपा को बाहर करने के लिए सभी नेताओं को मनमुटाव भूलना होगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विकास मॉडल पर पार्टी चुनावी मैदान में उतरेगी। इसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और चारों कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा, हर्ष महाजन, पवन काजल और विनय कुमार मौजूद रहें।
संगठन में कुछ और लोगों को मिल सकती है जिम्मेदारी
सूत्रों की माने तो कांग्रेस में फेरबदल के बावजूद जिन नेताओं को अभी संगठन में जगह नहीं मिल पाई हैं, उन नेताओं के नाम पर भी दिल्ली में चर्चा की गई है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से चर्चा के बाद ऐसे नेताओं की तैनाती का ऐलान हो सकता है। जिला स्तर पर भी कांग्रेस कई वर्करों को अहम जिम्मेदारी सौंप सकती है।
राहुल और प्रियंका गांधी से प्रतिभा सिंह ने की मुलाकात
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा गांधी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हिमाचल कांग्रेस की गतिविधियों की जानकारी से उन्हें अवगत कराया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.