दीवाली के त्योहार से पहले हिमाचल की जनता को करारा झटका लगा है। प्रदेश के राशन डिपो में मिलने वाले चीजों के दाम बढ़ा दिए गए हैं। लोगों को अब राशन डिपो में दालों को खरीदने के लिए 10 से 15 रुपए अतिरिक्त देने होंगे। इसके अलावा रिफाइंड तेल की कीमतों में भी भारी बढ़ोतरी हुई है। खुले बाजारों में बढ़ी कीमत के चलते यह रेट बढ़ाए गए हैं। ऐसे में नवंबर महीने से बढ़े हुए रेट के साथ राशन मिलेगा।
इतने पैसे बढ़ाए गए
रिफाइंड तेल 13 रुपए महंगा मिलेगा। 104 की बजाए 117 रुपए देने होंगे। एपीएल कार्ड धारकों को 109 की जगह 137 रुपए और आयकर दाताओं को सबसे ज्यादा दाम चुकाना होगा। इन्हें 37 रुपए अतिरिक्त देने होंगे। पहले आयकर दाताओं को 124 रुपए रिफाइंड तेल के दाम डिपो में देने पड़ते थे, अब 161 रुपए प्रति लीटर तेल मिलेगा। वहीं अब राशन की सप्लाई नए दामों के साथ ही डिपो में भेजी जा रही है।
इस तरह रहेंगे अब डिपो में दालों के रेट
मलका की दाल पहले 67 रुपए प्रति किलो मिलती थी, वह अब 82 रुपए किलो मिलेगी। मूंगी की दाल 53 की बजाय 67 रुपए में मिलेगी। रिफाइंड का तेल भी महंगा हो गया है। पहले जहां 104 में मिलता था, अब 117 में मिलेगा। इसी तरह चीनी भी बड़ी है। खाद्य सुरक्षा परिवार के तहत आने वाले कार्ड धारकों को 13 रुपए, एपीएल कार्ड धारकों को 30 और आयकर दाताओं को 39 रुपए प्रति किलो चीनी मिलेगी।
सरकार देगी दीवाली 500 ग्राम अतिरिक्त चीनी
दीवाली त्योहार को लेकर सरकार ने प्रति परिवार 500 ग्राम अतिरिक्त चीनी देने का निर्णय लिया है। प्रदेश के 19 लाख 26 हजार 192 उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा। लेकिन दूसरी ओर सामान महंगा होने से जेब हल्की करनी पड़ेगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.