हिमाचल में कांग्रेस के बाद अब BJP भी विधानसभा चुनाव लड़ने वाले अपने सभी कैंडिडेट्स से फीडबैक लेगी। पार्टी इस बैठक में प्रत्याशियों से चुनाव और उसके बाद के हालात पर चर्चा करेगी। कांग्रेस पार्टी पहले ही सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ने वाले अपने उम्मीदवारों के साथ ऐसी मीटिंग कर चुकी है।
भाजपा की विधानसभा चुनाव के लिए गठित अलग-अलग कमेटियों की मीटिंग पिछले दिनों परवाणू में हुई थी। इसमें समितियों से उनका फीडबैक लिया गया। समिति मेंबरों की ओर से आए सुझाव पर पार्टी ने अमल करने का आश्वासन दिया। अब पार्टी सीधे प्रत्याशियों से चुनाव के अनुभव जानना चाहती है। चुनाव के दौरान उन्हें किस तरह की दिक्कतें पेश आईं? यह भी पूछा जाएगा।
प्रदेश में फिर सरकार बनाएगी BJP
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप का मानना है कि जनता के रुझान एवं उत्साह से साफ जाहिर है कि प्रदेश की जनता ने विकास के नाम पर मुहर लगाई है। पार्टी पूर्ण रूप से आश्वस्त है कि इस बार प्रदेश में रिवाज बदलेगा। भारतीय जनता पार्टी इन चुनावों में पिछली बार से अधिक सीटें जीतकर नया रिवाज बनाएगी। प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार स्थापित होगी।
कांग्रेस खो चुकी अस्तित्व
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के बीच अपना अस्तित्व खो चुकी है। आजकल कांग्रेस के सभी नेता दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाकर अपनी-अपनी वरिष्ठता को साबित करने का प्रयास कर रहे हैं। उनकी यह दिल्ली दौड़ किसी काम नहीं आएगी। हिमाचल में एक बार फिर भाजपा सरकार पूर्ण बहुमत के साथ स्थापित होगी।
MCD चुनाव में डटे भाजपाई
सुरेश कश्यप ने कहा कि हिमाचल में चुनाव समाप्त होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता MCD दिल्ली के चुनाव में कार्य करने चले गए हैं। भाजपा के 25 से अधिक नेता दिल्ली चुनावों में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा एक निरंतर काम करने वाला राजनीतिक दल है। भाजपा का कार्यकर्ता 365 दिन समाज के लिए काम करता है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.