हिमाचल में नहीं चलेगा BJP का 'ऑपरेशन लोटस'':राठौर बोले- पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी कांग्रेस; राहुल गांधी की पदयात्रा से मोदी सरकार भयभीत

शिमला6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर। - Dainik Bhaskar
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने कहा कि BJP ने जिस तरह दूसरे प्रदेशों में हॉर्स ट्रेडिंग कर सरकारें बनाई हैं। यह प्रयास हिमाचल में भी हो सकता है, लेकिन प्रदेश में BJP का 'ऑपरेशन लोटस' कामयाब होने वाला नहीं है। कहा कि BJP सूत्रों के अनुसार हिमाचल में भाजपा को केवल 23 सीटें मिल रही हैं। यह इंगित करता है कि सत्तारूढ़ भाजपा चुनाव में हार मान चुकी है।

हिमाचल में कांग्रेस पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है।

राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने गुरुवार को शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी से मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा, इसका निर्णय पार्टी हाईकमान करेगी। नतीजे आने से पहले पार्टी दिल्ली से ऑब्जर्वर को हिमाचल भेजेगी और ऑब्जर्वर यहां पर जीतने वाले सदस्य से बात करेंगे। इसके बाद ऑब्जर्वर अपनी रिपोर्ट हाईकमान को देंगे। अंत में हाईकमान ही मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर कोई निर्णय लेगा।

राठौर ने यह भी स्पष्ट किया कि वह खुद मुख्यमंत्री की रेस में नहीं हैं।

चार उप चुनाव भी कांग्रेस जीती
उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव में भारी मतदान हुआ है। ऐसा सत्ता परिवर्तन के लिए होता है। चार उप चुनाव भी कांग्रेस जीती। अब आम चुनाव भी कांग्रेस जीतेगी। उन्होंने बताया कि चुनाव में महंगाई, बेरोजगारी, कुशासन और 5 साल में सरकार की नाकामियां मुद्दा रही हैं।

कांग्रेस की पदयात्रा से हिली मोदी सरकार की चूलें: राठौर

कुलदीप राठौर ने कहा कि भारत जोड़ो पदयात्रा का 78वां दिन है। राहुल गांधी लगभग 2000 किलोमीटर की पदयात्रा कर चुके हैं। कन्याकुमारी से शुरू हुई पदयात्रा मध्य प्रदेश पहुंच गई है। इस पदयात्रा से जो समर्थन कांग्रेस को मिला है, उससे मोदी सरकार की चूलें हिल चुकी हैं।

लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार
राठौर ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी पदयात्रा को लेकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं, उससे साफ जाहिर है कि पदयात्रा की सफलता से भाजपा और केंद्र सरकार भयभीत है। लोकतंत्र में सभी दलों को अपनी बात लेकर जाने का अधिकार है, लेकिन मोदी सरकार इस यात्रा से भयभीत है। जबकि यह पदयात्रा देश का माहौल बिगाड़ने वाली सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ है।