हिमाचल कांग्रेस ने मतदान से तकरीबन 15 घंटे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सराज चुनाव क्षेत्र के 3 कांग्रेस नेताओं को पार्टी से निष्कासित किया है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के बुद्धिजीवी विभाग के अध्यक्ष विजय पाल सिंह चौहान सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव महेंद्र ठाकुर और प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव नरेंद्र कुमार पर कार्रवाई की है।
इन नेताओं को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया है। इन पर पार्टी विरोधी और सराज विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ प्रचार करने का आरोप है। इसे लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सराज के अध्यक्ष ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी से शिकायत की थी।
इस शिकायत के आधार पर पार्टी ने इन नेताओं के खिलाफ एक्शन लिया है। इससे पहले भी पार्टी एक दर्जन से ज्यादा बागी नेताओं और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नेताओं व कार्यकर्ताओं को बाहर कर चुकी है।
राहुल गांधी ने फिर किया ट्वीट
प्रदेश में मतदान से कुछ घंटे पहले भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी ने आज फिर से ट्वीट किया है। राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में हिमाचल में युवाओं को 5 लाख नौकरी, महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह, और वरिष्ठ नागरिकों को OPS वापस देने का भरोसा दिया है।
ट्वीट में उन्होंने कहा कि पहली ही कैबिनेट बैठक में 1 लाख सरकारी नौकरियों और OPS पर फैसला होगा। कांग्रेस का प्रण है - हिमाचल प्रदेश की प्रगति, हर घर में लक्ष्मी, हर वर्ग का सशक्तिकरण।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.