• Hindi News
  • Local
  • Himachal
  • Shimla
  • Himachal Assembly Elections 2022: BJP Setting Effort With Rebel Leaders Before Election Counting, Kl Thakur Meets Jairam Thakur

हिमाचल CM से मिलने पहुंचे बागी KL ठाकुर:BJP का सैटिंग का प्रयास; जयराम बोले- बागियों संग सरकार बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी

शिमला6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

हिमाचल विधानसभा चुनाव के परिणाम आने और नई सरकार के गठन में अभी समय है। इससे पहले ही सत्तारुढ़ भाजपा मिशन रिपिट के समीकरण बनाने में जुट गई है। इसी कड़ी में भाजपा अपने बागियों पर अभी से डोरे डाल रही है। पार्टी के शीर्ष नेता नामांकन वापसी के समय तक भी बगावत करने वालों को मनाने का प्रयास कर रहे थे। यह कोशिश अब मतदान के बाद भी जारी है।

इसलिए सोलन जिले के नालागढ़ से पूर्व विधायक केएल ठाकुर आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलने ओक ओवर पहुंचे। औद्योगिक क्षेत्र की यह सीट तिकोने मुकाबले की मानी जा ही है। यहां से भाजपा ने कांग्रेस छोड़ कर आए अपने पुराने साथी लखविंद्र राणा को टिकट दिया। इससे नाराज होकर भाजपा के पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने आजाद तौर पर चुनाव लड़ा। कांग्रेस ने हरदीप बावा को चुनाव में उतारा।

बागियों संग सरकार बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी
दैनिक भास्कर से बात करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना रही है। बागी सरकार के लिए कोई चुनौती नहीं रहे हैं और लोगों का ध्यान भी इनकी ओर नहीं गया है। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को बागियों के साथ सरकार बनाने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। भाजपा पूर्ण बहुमत में सरकार बना रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा बाकी बातें तब देखेंगे। हिमाचल में दो पार्टियों ही आमने-सामने होती हैं। हिमाचल प्रदेश में दो पार्टियों में ही टक्कर होती है, लेकिन हम उसमें आगे हैं। कांग्रेस वाले जो आंकड़े लगा रहे हैं, वह भूल जाए। इतनी सीटें जीतेंगे, वहां तक की स्थिति ही नहीं है। उनके एक नहीं कई बड़े नेता चुनाव हारने वाले हैं।

जीत की संभावना वाले आजाद प्रत्याशियों से संपर्क
चुनाव परिणाम से पहले ही भाजपा ने जीतने वाले संभावित बागियों से संपर्क शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में नालागढ़ से भाजपा के बागी केएल ठाकुर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से ओक ओवर में मुलाकात की। मतगणना से पहले इनका मुख्यमंत्री से मिलना भाजपा का बागियों के साथ मिलकर सरकार बनाने की ओर इशारा कर रहा है।

इसके अलावा पार्टी की नजर अन्य सीटों पर भाजपा से बागी होकर चुनाव में उतरे उम्मीदवारों पर भी है। प्रदेश में हुआ भारी मतदान कहीं न कहीं यह भी शो कर रहा है कि कांग्रेस-भाजपा के अलावा सत्ता की चाबी बागियों के हाथ भी रह सकती है। यही कारण है कि भाजपा ने अभी से जीत सकने वाले अपने बागियों पर डोरे डालने शुरू कर दिए हैं।

इन सीटों पर बागियों से पार्टी कैंडिडेट को चुनौती
चुनाव में भाजपा को देहरा, नालागढ़, आनी, कुल्लू, सुंदरनगर, मंडी, फतेहपुर, रोहड़ू, किन्नौर, हमीरपुर सीट पर बागियों से पार्टी कैंडिडेट को चुनौती मिली है।

परमार, जमवाल चेतन भी ओक ओवर में
CM आवास ओक ओवर में अपने क्षेत्र का चुनावी फीडबैक देने के लिए विपिन सिंह परमार, राकेश जमवाल और चेतन बरागटा भी पहुंचे। जयराम ठाकुर इन सबसे लंबी बातचीत की। हालांकि उनसे मिलने अन्य लोग भी आए हैं। माना जा सकता है कि भाजपा हर सीट को लेकर गंभीर है। हर क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशी और वहां के पदाधिकारियों से अलग-अलग फीडबैक लिया जा रहा है। साथ ही रणनीति बन रही है और संभावनाएं तलाशी जा रही हैं कि किस तरह से भाजपा को दोबारा से सत्ता में स्थापित किया जाए।