हिमाचल में बागियों पर BJP का एक्शन:केएल ठाकुर समेत 5 नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निकाला

शिमला7 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

डैमेज कंट्रोल के तहत भाजपा ने 5 बागियों को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। निष्कासित बागियों में 5 पूर्व विधायक एवं एक पूर्व राज्य सभा सांसद एवं पार्टी उपाध्यक्ष है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बताया कि किन्नौर से तेजवंत नेगी, आनी से किशोरी लाल, इंदौरा से मनोहर धीमान, नालागढ़ से केएल ठाकुर को पार्टी से निष्कासित किया गया है। ये चारों पूर्व विधायक हैं।

इनके अलावा पूर्व राज्य सभा सांसद एवं पार्टी उपाध्यक्ष कृपाल परमार को भी पार्टी से निष्कासित किया गया है।

20 बागी मैदान में
विधानसभा चुनाव में टिकट आवंटन से नाराज होकर भाजपा के 20 नेता बतौर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे हैं। महेश्वर सिंह के पुत्र हितेश्वर सिंह, कुल्लू से राम सिंह, मंडी से प्रवीण शर्मा और कई अन्य भाजपा कार्यकर्ता अभी भी बतौर निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं के बतौर निर्दलीय चुनाव मैदान में डटे होने से पार्टी को नुकसान होने का अंदेशा है। लिहाजा भाजपा ने 5 बागियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

तेजवंत नेगी किन्नौर , किशोरी लाल आनी, मनोहर धीमान इंदौरा तथा केएल ठाकुर ने नालागढ़ में मुकाबले को त्रिकोणीय बनाया हुआ है। फतेहपुर से भाजपा के बागी कृपाल परमार कई सालों से टिकट की मांग कर रहे हैं। टिकट न मिलने से वह बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे है।

चर्चा में भाजपा की कार्रवाई में देरी
बागियों के प्रति भाजपा की कार्रवाई में देरी की चर्चा भी खूब हो रही है। पहले कहा जा रहा था कि नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा अपने बागी नेताओं पर तुरंत कार्रवाई अमल में लाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटने लगा। पार्टी समर्थक भी भाजपा नेतृत्व के इस रवैये से आहत थे। जिसके बाद आखिर में इन पर कार्रवाई कर दी गई।

अभी इन पर नहीं हुआ कोई फैसला
कई नेता अभी ऐसे हैं जिनपर निष्कासन का फैसला फिलहाल नहीं हुआ है। इनमें चंबा सदर से इंद्रा कपूर, कांगड़ा में कुलभाष चौधरी, धर्मशाला में विपिन नेहरिया, जसवां से संजय पराशर, हमीरपुर से आशीष शर्मा, बड़सर में संजीव शर्मा, बिलासपुर में सुभाष शर्मा, झंडूता में राजकुमार कौंडल, नाचन में ज्ञानचंद मंडी सदर में प्रवीण शर्मा, सुंदरनगर से अभिषेक ठाकुर, कुल्लू में राम सिंह, मनाली में महेंद्र ठाकुर, बंजार में हितेश्वर सिंह, रोहडू में राजेंद्र धीरटा मैदान में हैं। इनपर अभी पार्टी ने निर्णय लेना है।