हिमाचल की राजनीति का रिवाज बदलने निकली BJP को टिकट न मिलने से नाराज होकर मैदान में उतरे बागियों ने चिंता में डाल रखा है। दर्जनभर से ज्यादा सीटों पर नॉमिनेशन भर चुके बागियों को मनाने के लिए पार्टी नेतृत्व मान-मनौव्वल के साथ सख्त तेवर भी दिखा रहा है। इसके लिए बाकायदा वरिष्ठ नेताओं की ड्यूटी लगी है। पार्टी इन बागियों को भविष्य में सरकार-संगठन को एडजस्ट करने का ऑफर भी दे रही है।
BJP ने प्रदेश में अपने चुनावी प्रचार की तूफानी अंदाज में शुरुआत करने के लिए 30 अक्टूबर का दिन तय किया है। उस दिन हिमाचल के सभी 68 विधानसभा हलकों में एक साथ ‘विजय संकल्प अभियान रैली’ की जाएंगी। मिशन रिपीट का दावा करने वाली BJP के तरकश में सबसे बड़ा तीर मोदी नाम का है।
हिमाचल में 35 साल का इतिहास बदलते हुए लगातार दूसरी बार सरकार बनाने का दावा ठोंक रही BJP की क्या स्ट्रेटजी है? इस पर दैनिक भास्कर ने BJP प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप से बातचीत की। प्रस्तुत है इसके कुछ अंश:-
भास्कर : PM मोदी बार-बार हिमाचल आ रहे हैं। इसकी वजह मिशन रिपीट को लेकर BJP का स्ट्रेस में होना तो नहीं है?
कश्यप : ऐसा नहीं है। चुनाव से पहले मोदी 10 बार हिमाचल आ चुके हैं। यह हिमाचल के प्रति उनका स्नेह है, लगाव है। जनता भी उनका जिस तरह अभिनंदन करती है, उससे साफ है कि यहां के लोग मोदी के प्रति स्नेह रखते हैं।
भास्कर : BJP ने अपने 10 MLA के टिकट काटे। 2 मंत्रियों की सीटें बदल दीं। यानि पार्टी मान रही है कि उसे लेकर लोग नाराज हैं?
कश्यप : मैं नहीं समझता..(कुछ रुककर) BJP ने जो भी टिकट दीं, बड़े सोच-विचार के बाद दी। लोगों-कार्यकर्ताओं की राय ली गई। पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों की राय ली। इसके साथ ही जो लोग सर्वे के आधार पर मापदंड पर खरे उतरे, उन्हें ही टिकट दिए गए।
भास्कर : टिकट बंटने के बाद BJP में काफी बगावत दिख रही है। क्या कहेंगे?
कश्यप : जिन्हें चुनाव में टिकट नहीं मिले, उन्हें आने वाले समय में मौका दिया जाएगा। सरकार और संगठन में बहुत सारे पद होते हैं। इन पदों पर लोगों को बिठाया जाएगा। BJP का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन से जुड़ा है। वह सारी बातों को अच्छे से समझता है। कहीं कोई दिक्कत नहीं है।
भास्कर : परिवारवाद के मुद्दे पर BJP हर मंच-हर मोर्चे पर कांग्रेस को घेरती है। मगर हिमाचल में BJP ने भी नेताओं के बेटों और पत्नियों को टिकट दिए। क्या कहेंगे?
कश्यप : मैं नहीं समझता कि हम यहां परिवारवाद की बात कर सकते हैं। कुछ जगह कुछ लोगों को टिकट दिए गए हैं लेकिन हमने यह सुनिश्चित बनाया कि एक परिवार में एक ही व्यक्ति को टिकट मिले। BJP हमेशा से परिवारवाद के खिलाफ रही है और आगे भी रहेगी।
भास्कर : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर कह रहे हैं कि CM फेस हाईकमान तय करेगा। नड्डा कह रहे हैं कि चुनाव जयराम ठाकुर के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। आखिर BJP का CM फेस कौन है?
कश्यप : इस बारे में इतना ही कहना चाहूंगा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जो कहा है, वही सही है। चुनाव जयराम ठाकुर के नेतृत्व में लड़ा जा रहा है। इसमें किसी तरह की कोई शंका नहीं है।
भास्कर : चुनाव प्रचार को लेकर भाजपा की क्या रणनीति है और कौन बड़े नेता चुनाव प्रचार के लिए आ रहे हैं?
कश्यप : प्रचार के लिए BJP का शीर्ष नेतृत्व हिमाचल आ रहा है । 30 अक्टूबर को 68 विधानसभा सीटों पर एक साथ जनसभाएं होंगी। हर विधानसभा क्षेत्र में विजय संकल्प अभियान रैली होगी। इनमें स्टार प्रचारक मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय नेता भाग लेंगे। प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य भी जनसभाएं करेंगे।
भास्कर : BJP ने मिशन रिपीट का लक्ष्य रखा है। इसे किस तरह हासिल करेंगे?
कश्यप : जिस तरह से डबल इंजन की सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साढ़े 8 साल और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में 5 बरसों में काम किया है। उसके दम पर जीतेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 बार हिमाचल आए हैं। उनसे अनेक सौगात हिमाचल को मिली हैं। जयराम सरकार ने 5 साल में जितने काम किए, उतने पिछले 70 साल में नहीं हुए।
भास्कर : BJP को अगर हिमाचल में बहुमत नहीं मिला तो क्या सरकार बनाने के लिए दूसरे दलों पर नजर रहेगी?
कश्यप : हम रिवाज बदलेंगे और BJP एक बार फिर सरकार बनाएगी। पार्टी इस बार पिछली दफा से ज्यादा सीटें लाकर सरकार बनाने जा रही है। इस चुनाव में BJP दो तिहाई बहुमत हासिल करेगी।
भास्कर : 29 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिए जाने हैं। अगर बागी मैदान से नहीं हटे तो पार्टी की आगे क्या रणनीति रहेगी?
कश्यप : मैं समझता हूं कि हम हालात को संभालने में कामयाब रहेंगे। कहीं भी कोई दिक्कत नहीं आएगी।
धूमल बोले- मैंने PM को चिट्ठी लिख बता दिया था कि चुनाव नहीं लड़ूंगा
हिमाचल में इस बार पूर्व CM प्रेम कुमार धूमल या उनके परिवार से सीधे कोई विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रहा। इसके बावजूद चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा उन्हीं की है। दो बार CM रह चुके 78 साल के धूमल कहते हैं कि उन्होंने PM नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिख बता दिया था कि चुनाव नहीं लड़ूंगा। धूमल से दैनिक भास्कर ने तमाम मुद्दों पर सीधी बात की। हिमाचल चुनाव में किसी मीडिया संस्थान को धूमल का यह पहला इंटरव्यू रहा। पढ़िए धूमल का पूरा इंटरव्यू...
हिमाचल कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह बोलीं- लोगों के दिलों में जिंदा हैं वीरभद्र सिंह
वीरभद्र सिंह के होने-न होने के मायने प्रतिभा सिंह भी बखूबी समझती हैं। इसी वजह से वह कहती हैं कि पहाड़ के लोग अपने हरदिल अजीज नेता के नाम पर कांग्रेस को ही वोट देंगे। हिमाचल में कांग्रेस 5 साल से विपक्ष में है और इस पहाड़ी प्रदेश की परंपरा के हिसाब से वह इस बार बहुमत पाने की उम्मीद कर रही है। विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति पर दैनिक भास्कर ने प्रतिभा सिंह से बातचीत की। पढ़िए प्रतिभा सिंह का पूरा इंटरव्यू...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.