भारत के पहले वोटर रहे श्याम सरन नेगी अपने अंतिम सफर पर निकल गए हैं। उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर शोंगठोंग स्थित सतलुज किनारे श्यमशान घाट तक ले जाया गया। जहां पर होमगार्ड बैंड बजाकर राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि की गई। इस दौरान किन्नौर पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। नेगी के अंतिम संस्कार में भारी संख्या में लोग शामिल हुए।
वहीं, चुनाव ऑब्जर्वर, उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक, SP विवेक चहल, SDM कल्पा शशांक गुप्ता सहित प्रशासन की टीम यात्रा में शामिल हुई और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं श्याम सरन नेगी के परिवार को सांत्वना देने के लिए केंद्रीय मुख्य चुनाव आयुक्त करीब 4 बजे किन्नौर पहुंचेंगे।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के निवासी 106 वर्षीय वयोवृद्ध श्याम सरन नेगी ने शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। आजादी के बाद भारत में 1951-52 में जब पहले आम चुनाव हुए थे तो श्याम सरन नेगी ने ही उसमें सबसे पहले मतदान किया था।
तबियत खराब होने पर घर से किया मतदान
जिला निर्वाचन अधिकारी आबिद हुसैन ने कहा कि हिमाचल विधानसभा चुनाव 2022 के लिए नेगी ने पोलिंग बूथ पर जाकर वोट डालने की इच्छा जताई थी, लेकिन तबियत खराब होने के कारण उनके घर पर ही पोस्टल बैलट पेपर से मतदान करवाया गया। इस तरह वे दुनिया से जाने से पहले भी अपना फर्ज अदा करके गए।
पुलिस बैंड से दी जाएगी अंतिम विदाई
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पुलिस बैंड के साथ और पूरे राजकीय सम्मान के साथ नेगी की अंत्येष्टि होगी। वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी और प्रशासन की पूरी टीम उनके घर श्रद्धांजलि देने जाएगी।
PM मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके नेगी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने श्याम सरन नेगी की सराहना की और उन्हें देश के लोकतंत्र को मजबूत करने की एक अहम कड़ी बताया। उन्होंने लिखा कि नेगी का वोट डालने के प्रति उत्साह हमारे युवा मतदाताओं को प्रोत्साहित करता है।
1951 के बाद लगातार किया मतदान
किन्नौर के श्याम सरन नेगी ने 1951 में हुए स्वतंत्र भारत के पहले आम चुनाव में सबसे पहले वोट डाला था, इसलिए उन्हें देश का सबसे पुराना और सबसे पहला मतदाता माना जाता है। इसके बाद से आज नेगी हर चुनाव में बूथ पर जाकर अपना वोट डालते आए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी आबिद हुसैन ने कहा कि नेगी न केवल प्रदेश, बल्कि देश के लीजेंड हैं। 1951 से लेकर आज तक वह लगातार वोट डालते आए हैं। यह खुशी की बात है कि इस विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने अपना वोट डालकर लोकतंत्र के महापर्व में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पहला मतदाता बनने की कहानी बड़ी रोचक
श्याम शरण नेगी का जन्म 1917 को किन्नौर जिला के कल्पा गांव में हुआ। 104 साल के श्याम शरण अपने पुश्तैनी गांव में रहते हैं। 1940 से 1946 तक वन विभाग में गार्ड की नौकरी की। उसके बाद शिक्षा विभाग में चले गए और कल्पा लोअर मिडिल स्कूल में अध्यापक बने। देश में 1952 में पहला लोकसभा चुनाव हुआ। लेकिन किन्नौर में भारी हिमपात के चलते 6 महीने पहले अक्टूबर 1951 में ही चुनाव हो गए।
पहले चुनाव के समय श्याम शरण किन्नौर के मूरंग स्कूल में अध्यापक थे। चुनाव करवाने में उनकी ड्यूटी लगी थी, लेकिन वोट डालने का इतना शौक था और ड्यूटी शोंगठोंग के मुरंग में थी और वोट कल्पा में डालना था तो उन्होंने सुबह-सुबह वोट देकर ड्यूटी पर जाने की इजाजत मांगी। सुबह-सुबह ही वह अपने मतदान स्थल पर पहुंच गए। 6:15 बजे मतदान पार्टी पहुंची।
नेगी ने जल्दी मतदान करवाने का निवेदन किया। मतदान पार्टी ने रजिस्टर खोल कर उन्हें पर्ची दी। मतदान करते ही इतिहास बन गया और श्याम शरण नेगी आजाद भारत के पहले मतदाता बन गए।
दिवंगत को सच्ची श्रद्धांजलि तभी, जब सभी मतदान में बढ़-चढ़कर लें हिस्सा : राजीव कुमार
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने श्याम सरण नेगी के निवास स्थान पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। राजीव कुमार ने श्याम शरण नेगी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि दिवंगत आत्मा के लिए सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम सब देशवासी मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और लोकतंत्र की नींव को और सुदृढ़ करें।
उन्होंने कहा कि श्याम सरण नेगी 70 सालों से ऊपर लगातार मतदान करते रहे और जाते जाते भी पोस्टल बैलट द्वारा 2 नवंबर 2022 को अपना फर्ज अदा कर गए। श्याम सरण नेगी की यह कर्तव्य निष्ठा, युवा मतदाताओं के लिए एक मिसाल होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता के लोकतंत्र में अदम्य भावना और विश्वास को सलाम करता है।
राजीव कुमार द्वारा भेजे पत्र को पढ़कर खुश हुए थे नेगी
परिवार के सदस्यों के साथ बातचीत के दौरान, श्याम सरण नेगी के पुत्र ने राजीव कुमार द्वारा श्याम सरण नेगी को भेजे गए एक आभार पत्र के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि नेगी पत्र को पढ़कर बहुत खुश हुए थे। उन्होंने कहा था कि वह परिवार के युवाओं को लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए वोट डालने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त नीतीश कुमार व्यास, प्रधान सचिव भारत चुनाव निगम राहुल शर्मा, महानिदेशक शेफाली शरण, मुख्य सचिव हिमाचल प्रदेश RD धीमान, मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग, सामान्य चुनाव पर्यवेक्षक तरुण राठी, व्यय पर्यवेक्षक मेघा राघव, DC आबिद हुसैन सादिक, SP विवेक चाहल, निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम कलपा डॉ. मेजर शशांक गुप्ता भी उपस्थित रहे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.