कांग्रेस की चार्जशीट आने से पहले ही भाजपा ने कांग्रेस पर टिप्पणी करनी शुरू कर दी है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस की चार्जशीट को लेकर कहा कि जिनके नेताओं पर ही चार्ज लगे हों और वह नेता जमानत पर बाहर हों, वह क्या चार्जशीट लेकर आएंगे। शिमला में प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस पार्टी का नेतृत्व जमानती हो, उसकी चार्जशीट पर कौन विश्वास करेगा।
वहीं टिकट आवंटन से नाराज नेताओं को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में अनुराग ठाकुर ने कहा कि सब को टिकट नहीं मिलता है। विचार मंथन के बाद टिकट दिए गए हैं। जिन नए उम्मीदवारों को टिकट दिए गए हैं, पूरी उम्मीद है कि वह चुनाव जीतेंगे। इस बार हिमाचल विधानसभा चुनाव में भाजपा पहले से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। भाजपा रिवाज बदलने में भी कामयाब होगी।
डबल इंजन की सरकार विकास को रुकने नहीं देगी
अनुराग ठाकुर ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी है। मेडिकल कॉलेज, एम्स, बल्क ड्रग्स फार्मा पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, अटल टनल जैसी कई बड़ी सौगाते हिमाचल जैसे छोटे राज्यों को दी हैं। इससे हिमाचल न केवल आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि स्वावलंबन की दिशा में भी आगे बढ़ेगा। इसे प्रदेश में बेरोजगार लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
भाई-बहन को कभी इकट्ठे नहीं देखा
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर कटाक्ष करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत जोड़ो नहीं, बल्कि कांग्रेस छोड़ो यात्रा चल रही है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एक-एक करके पार्टी छोड़ रहे हैं। कांग्रेस भारत जोड़ो की बात कर रही है, लेकिन भाई-बहन को तो कभी इकट्ठे नहीं देखा गया।
महंगाई दर पर बात करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकार के मुकाबले महंगाई दर काफी कम है। अनुराग ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और प्रदेश की जनता से चुनाव में भाजपा के पक्ष में वोट करने की भी अपील की।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.