हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह रविवार को भारत जोड़ो यात्रा में 10 किलोमीटर पैदल चली। प्रतिभा ने राहुल गांधी के साथ सुबह 6 बजे मध्यप्रदेश के महू से चलना शुरू किया और दोपहर बाद इंदौर पहुंचीं।
यात्रा शुरू करने से पहले प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी को हिमाचली शाल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया। प्रतिभा सिंह के साथ उनके बेटे व शिमला ग्रामीण सीट से कांग्रेस कैंडिडेट विक्रमादित्य सिंह और हिमाचल प्रदेश यूथ कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर भी यात्रा में शामिल हुए।
राहुल गांधी ने 7 सितंबर को दक्षिणी भारत के आखिरी छोर कहे जाने वाले कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी। इस यात्रा का मकसद भारत के सामाजिक ताने-बाने को एकजुट और मज़बूत करना है। राहुल की यह यात्रा 12 राज्यों से होते हुए जम्मू-कश्मीर में समाप्त होगी। राहुल गांधी 150 दिन की इस यात्रा में लगभग 3,500 किलोमीटर पैदल चलेंगे। प्रतिभा सिंह इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ पैदल चलने वाली हिमाचल की पहली कांग्रेस नेता हैं।
कांग्रेस के अनुसार, यह यात्रा बेरोजगारी, महंगाई, नफरत, विभाजन की राजनीति और भारतीय पॉलिटिक्स के गिरते स्तर के ख़िलाफ जन-जागरण कर रही है।
हिमाचल में सरकार बनाने का दावा
प्रतिभा सिंह भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए शनिवार शाम को ही महू पहुंच गईं। विक्रमादित्य सिंह और यदुपति ठाकुर भी उनके साथ रहे। महू पहुंचने के बाद प्रतिभा सिंह ने वहां एक जनसभा को भी संबोधित किया। इसमें प्रतिभा सिंह ने दावा किया कि हिमाचल में कांग्रेस बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। प्रदेश में कांग्रेस ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा है।
इस दौरान प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, भूपेश बघेल इत्यादि से भी मुलाकात की।
बाकी नेता भी जा सकते यात्रा में
प्रतिभा सिंह के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के बाद आने वाले दिनों में हिमाचल के कई और कांग्रेसी नेता भी इस यात्रा में शामिल हो सकते हैं। हिमाचल में विधानसभा चुनाव की वजह से पार्टी के प्रदेशस्तरीय तमाम नेता अभी तक यहीं व्यस्त थे। 8 दिसंबर को होने वाली मतगणना से पहले, हफ्तेभर तक नेताओं के पास इस यात्रा में पहुंचने का समय है।
भारत जोड़ो यात्रा का 79वां दिन
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का रविवार को 79वां दिन है। यात्रा को मध्यप्रदेश पहुंचे आज पांचवां दिन हो गया है। अभी यात्रा मध्यप्रदेश के खरगोन जिले मे है और इसका अगला पड़ाव इंदौर जिले में होना है। यात्रा के दौरान राहुल गांधी 2 हजार किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर चुके हैं और श्रीनगर तक का लगभग 1400 किलोमीटर का सफर बाकी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.