कांग्रेस नेता राहुल गांधी मामले में शुक्रवार को हिमाचल विधानसभा में जोरदार हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस मामले में पॉइंट ऑफ ऑर्डर के तहत चर्चा की मांग की, लेकिन स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने इसकी इजाजत नहीं दी। इसके बाद सत्तापक्ष और विपक्षी विधायकों ने दोनों दलों के शीर्ष नेताओं के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए।
सदन में शोर-गुल को देखते हुए स्पीकर ने पहले 15 मिनट और बाद में सदन की कार्यवाही को सोमवार तक स्थगित कर दिया। बीते कल भी विपक्ष ने इस मामले को उठाने का प्रयास किया था, लेकिन स्पीकर ने कल भी अनुमति नहीं दी।
कांग्रेस ने विधानसभा परिसर ने किया प्रदर्शन
लंच अवकाश के दौरान कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू की अध्यक्षता में विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया और मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। कांग्रेस विधायकों ने राहुल गांधी को साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से घबराकर पूरी BJP उन्हें बदनाम करने में जुटी हुई है।
उन्होंने कहा कि गांधी परिवार पर अंगुली उठाना राजनीतिक चाल है। गांधी परिवार ने देश की एकता और अखंडता के लिए कुर्बानियां दी हैं। पूरे देशभर की जनता राहुल गांधी के साथ है, कांग्रेसी डरने वाले नहीं हैं।
नेताओं पर केस दर्ज होना आम बात हो गई: CM
CM सुक्खू ने कहा कि गांधी परिवार इस साजिश से घबराने वाला नहीं है। राहुल गांधी पर उंगली उठाने के लिए सरकार झूठ बोलकर सच साबित करने की कोशिश कर रही है। राजनेताओं पर केस दर्ज होना अब आम बात हो गई है।
प्रदेश में कई जगह कांग्रेस के प्रदर्शन
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी कांग्रेस ने प्रदर्शन किए। शिमला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी दफ्तर के बाहर धरना दिया और मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इसी तरह अन्य क्षेत्रों में भी कांग्रेस ने धरना देकर रोष जाहिर किया।
कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी को लेकर आए कोर्ट के फैसले को राजनीति से प्रेरित बता रही है। पार्टी के महासचिव अमित पाल ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस पार्टी पूरी तरह राहुल और गांधी परिवार के साथ खड़ी है।
प्रतिभा सिंह को दिल्ली पुलिस ने लिया हिरासत में
राहुल गांधी मामले में दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सच की लड़ाई लड़ रहे हैं। जीत हमेशा सच की होती है। पूरी कांग्रेस राहुल गांधी के साथ खड़ी है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.