हिमाचल की जय राम सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने अपनी चार्जशीट पेश कर दी है, जिसमें कहा गया है कि भाजपा सरकार के 5 साल के कार्यकाल में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर सभी मंत्रियों के दफ्तर भ्रष्टाचार में संलिप्त है। CM के करीबियों ने जमकर भ्रष्टाचार किया। राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर कमीशन ऑफ इन्क्वायरी बिठाई जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि देवभूमि में पहली बार नौकरियां बेची गई हैं। इतिहास में जय राम ठाकुर को नौकरियां बेचने वाले CM के तौर पर याद किया जाएगा। इसके लिए 6 से 8 लाख का लेनदेन हुआ है। पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर बेचने में पुलिस मुख्यालय से लेकर सचिवालय तक के अफसर शामिल रहे और जयराम सरकार ने सभी को क्लीन चिट दे दी।
उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग में पाइप खरीद में करोड़ों का घोटाला हुआ है। 500 करोड़ रुपए रैलियों पर ख़र्च किए गए। 18-18 करोड़ के कई जगह टेंट लगाए गए। कांग्रेस सरकार बनने के बाद जांच कर इसके बिल भाजपा को भेजे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आज तक 50-60 सालों में जितना कर्ज लिया गया है, उतना अकेले जय राम ने लिया है। जय राम ने केवल हेलिकॉप्टर खरीदा है। शराब के ठेके नीलाम नहीं करने से राज्य को 2000 करोड़ का नुकसान हुआ है। भ्रष्टाचार करने वाले सब जेल में जाएंगे।
AICC के मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने कहा कि भाजपा के 3 भाई बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और मंहगाई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.