हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए चल रहे प्रचार के बीच मनाली में 2 साल की बच्ची से हुए रेप के मुद्दे पर सत्तारूढ़ BJP सरकार घिरती नजर आ रही है। बुधवार सुबह घर के आंगन में खेल रही बच्ची को उठाकर उसके साथ घिनौनी हरकत की गई। घटना के कई घंटे बाद परिवार को बच्ची सियार नाले में पड़ी मिली। गुरुवार को यह मामला सामने आया और पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया। घटना के 48 घंटे बाद भी आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
शुक्रवार को मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने बच्ची से साथ हुई घटना का मुद्दा उठाते हुए सत्तारूढ़ BJP पर करारा हमला बोला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि मनाली में 2 साल की बच्ची के साथ हुई रेप की घटना ने साबित कर दिया है कि भाजपा राज में प्रदेश की बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। इस घिनौनी घटना पर भाजपा नेताओं के मुंह से दो शब्द नहीं निकले।
इस बीच कांग्रेस प्रवक्ता अलका लांबा के अनुसार, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने मनाली में दो साल की बच्ची के साथ हुई रेप की घटना का नोटिस लिया है। प्रियंका ने खुद हिमाचल महिला कांग्रेस की राज्य इकाई से पीड़ित बच्ची के परिवार से संपर्क कर उनकी हरसंभव मदद करने को कहा है।
श्रीनेत ने कहा कि मनाली में 2 साल की बच्ची के साथ हुए दुराचार ने उन्हें ही नहीं, पूरे हिमाचल की महिलाओं को विचलित कर दिया है। इस घटना से साफ हो गया है कि BJP शासित राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। इस घटना से कुछ दिन पहले ही एक महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ था। इससे पहले नेरवा में घास काटने गई महिला का शव पेड़ पर टंगा हुआ मिल चुका है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ इस तरह की घटनाएं विचलित करने वाली हैं और इस पर कांग्रेस चुप बैठकर नहीं रह सकती। वर्ष 2017 में हिमाचल में हुए गुड़िया प्रकरण के बाद BJP सरकार ने गुड़िया हेल्पलाइन स्थापित की। इस हेल्पलाइन पर 8500 शिकायतें दर्ज हुई, लेकिन किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का दंभ भरने वाली BJP की केंद्र और हिमाचल सरकार के नेताओं के मुंह से मनाली की घटना पर दो शब्द नहीं निकले।
BJP शासित राज्य में महिलाओं से जघन्य अपराध
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा शासित कई राज्यों में महिलाओं के साथ जघन्य अपराध हो रहे हैं। पड़ोसी प्रदेश उत्तराखंड में BJP नेता के होटल में एक युवती को जबरन जिस्मफरोशी के दलदल में धकेला जा रहा था और मना करने पर नेता पुत्र ने उसकी हत्या कर दी। इस घटना में BJP नेता को फंसता देखकर वहां की BJP सरकार और प्रशासन ने होटल पर बुलडोजर चलाकर सारे सबूत नष्ट कर दिए।
श्रीनेत ने उत्तर प्रदेश के हाथरस, उन्नाव, लखीमपुर और त्रिपुरा में महिलाओं के साथ घटी भयावह घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने आरोपियों को बचाने का काम किया है और पीड़ित को कोई न्याय नहीं मिला। लखीमपुर में भाजपा नेता एक औरत का चीरहरण करते हैं और कोई कार्रवाई नहीं होती है।
दुराचारी से आशीर्वाद लेने पहुंचे भाजपा सरकार के मंत्री
सुप्रिया श्रीनेत ने हरियाणा में मनोहर लाल की अगुवाई वाली BJP सरकार की ओर से रेप और मर्डर के केस में सजा पा चुके राम रहीम को पैरोल पर छोड़े जाने को लेकर भी हमला बोला। श्रीनेत ने कहा कि हिमाचल के एक मंत्री उनसे वोट के रूप में आशीर्वाद मांग रहे हैं। कठुआ में दुराचार करने वालों के समर्थन में प्रदर्शन होते हैं और कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और खासकर भाजपा नेत्रियों से पूछा कि वे ऐसी घटनाओं पर क्या कर रही हैं।
सुप्रिया ने आरोप लगाया कि दुराचार करने वालों को सरकार और प्रशासन से संरक्षण दिया जा रहा है और इससे उनके हौसले बढ़ रहे हैं। कांग्रेस दुराचार के मामलों पर राजनीति के खिलाफ हैं लेकिन विपक्ष के नाते उन्हें इन मामलों पर बोलना पड़ता है, ताकि सरकार दोषियों पर ठोस कार्रवाई करे। कांग्रेस की चिंता बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा की है और इसके लिए सरकार से कार्रवाई के लिए दबाव डालना उनका दायित्व है।
'राहुल गांधी दुष्प्रचार मंत्रालय' बनाकर स्मृति ईरानी को दे इसका जिम्मा
सुप्रिया श्रीनेत ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को आड़े हाथों लेते हुए उन पर तंज कसा कि ईरानी का ध्यान अपने मंत्रालयों से ज्यादा कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर रहता है। महिला व बाल विकास का मंत्रालय मिलने के बावजूद स्मृति ईरानी महिलाओं के साथ हो रहे दुराचार की घटनाओं पर मौन रहती हैं।
स्मृति ईरानी केवल राहुल गांधी के खिलाफ दुष्प्रचार करती हैं इसलिए केंद्र सरकार को चाहिए कि वह 'राहुल गांधी दुष्प्रचार मंत्रालय' बनाकर स्मृति ईरानी को उसका मंत्री बना दें ताकि वह खुल कर कोई काम कर सके।
मंदिर सबके, भाजपा नेताओं की जागीर नहीं
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के मंदिरों की राजनीति करने संबंधी BJP के आरोपों पर श्रीनेत ने कहा कि मंदिर सबके हैं। वे भाजपा नेताओं की जागीर नहीं है। हिमाचल में भाजपा अपने पांच साल का रिपोर्ट कार्ड नहीं दे रही और इधर-उधर की बात करके मुद्दों से जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। हालांकि हिमाचल की जागरूक जनता इनके झांसे में आने वाली नहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के पास की सरकार के काम गिनाने को नहीं है। इसलिए वे कांग्रेस के नेताओं पर ही बोलते हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि इस घटना में जो भी दोषी होंगे, उन्हें सजा दिलाने को कांग्रेस पूरी ताकत लगाएगी। उन्होंने इस घटना पर भाजपा नेताओं के संवेदना के दो शब्द न आने पर भी दुख जताया।
मनाली की रेप पीड़िता बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार, आरोपी का 48 घंटे बाद भी सुराग नहीं
हिमाचल के मनाली में 2 साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म में पुलिस को मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है। गुरुवार को नेरचौक मेडिकल कॉलेज में उसका अल्ट्रासाउंड, ECG और दूसरे टेस्ट किए गए हैं। शुक्रवार को डॉक्टरों की हड़ताल होने के कारण मासूम के मेडिकल से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी नहीं हो पाई। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.