ऐसा संयोग बिरला ही होता है और वो भी चुनाव के दौरान। जब पोलिंग हो चुकी हो और सियासी दल रिजल्ट का इंतजार कर रहे हों। उस पर संयोग भी ऐसा कि एक मौजूदा मुख्यमंत्री और दूसरा विरोधी पार्टी की ओर से सीएम पद का दावेदार। ऐसा ही कुछ रविवार को हुआ जब हिमाचल के मुख्यमंत्री और BJP के सीएम फेस जयराम ठाकुर और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखविंद्र सिंह सुक्खू एक-दूसरे के साथ बैठे नजर आए।
दरअसल जयराम ठाकुर परवाणू में हिमाचल BJP की मीटिंग के बाद दिल्ली के लिए रवाना हुए। वह सड़क मार्ग से चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से नई दिल्ली की फ्लाइट ली। उसी फ्लाइट में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधानसभा चुनाव में खुद को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताते रहे सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी नई दिल्ली जा रहे थे।
अगल-बगल मिली सीट
संयोग ऐसा हुआ कि फ्लाइट में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और सुक्खू की सीट अगल-बगल में थी। जयराम ठाकुर की सीट विंडो साइड वाली थी। फ्लाइट में दोनों नेताओं की एक साथ बैठे फोटो तुरंत ही वायरल हो गई। उधर दूसरी तरफ दोनों नेता एक-दूसरे से बतियाते हुए दिल्ली गए।
रोड शो में भाग लेने गए जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नई दिल्ली नगर निगम चुनाव में BJP की ओर से रखे गए रोड शो में भाग लेने के लिए गए। चूंकि दिल्ली में हिमाचलियों की तादाद अच्छी-खासी है इसलिए भाजपा ने इस वोट बैंक को अपने पक्ष में करने के लिए जयराम ठाकुर का यह रोड शो रखा।
सुक्खू मिलेंगे हाईकमान से
दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और नादौन सीट से पार्टी टिकट पर चुनाव लड़ने वाले सुखविंद्र सिंह सुक्खू कांग्रेस हाईकमान से मिलने दिल्ली गए हैं। आला नेताओं को वह हिमाचल विधानसभा चुनाव का फीडबैक देंगे। साथ ही वह मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात करेंगे, जो हाल ही में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.