अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की महासचिव एवं स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने हिमाचल की सत्तारूढ़ भाजपा और मोदी सरकार पर तीखे हमले किए। प्रियंका गांधी ने कांगड़ा के नगरोटा-बगवां में 'परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली' को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल में भाजपा के राज में PPE किट, पुलिस भर्ती और शिक्षक भर्ती में घोटाले हुए।
अग्निवीर योजना को बंद करेगी कांग्रेस
प्रियंका ने कहा कि हिमाचल से बड़ी संख्या में युवा सेना में जाते है। अग्निवीर ने युवाओं की उम्मीदों पर पानी फेरा है। जो युवा अग्निवीर में भर्ती होंगे, उनमें से भी अधिकतर 4-5 साल बाद घर पर बैठ जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस सरकार बनने पर अग्निवीर भर्ती योजना को बंद किया जाएगा।
युवाओं को पहली ही कैबिनेट में एक लाख रोजगार
प्रियंका गांधी ने कहा कि युवाओं के रोजगार के लिए कांग्रेस पार्टी गारंटी लेकर आई है। इसलिए हम कह रहे है कि पहली कैबिनेट मीटिंग में एक लाख युवाओं की नौकरी के द्वार खोले जाएंगे। पांच साल में 5 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और सरकारी विभागों में खाली पड़े 63000 पद भरे जाएंगे।
OPS बहाली का फिर किया जिक्र
प्रियंका गांधी ने कांगड़ा में फिर से OPS बहाल करने के वादे को दोहराया। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद पहली ही कैबिनेट में OPS बहाली पर निर्णय होगा। ये हमारी गारंटी है। उन्होंने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि मोदी सरकार न नौजवानों को रोजगार दे सकती है और न ही कर्मचारियों को पेंशन, लेकिन एक के बाद एक कई सार्वजनिक क्षेत्र के बोर्ड-निगम बेच सकती है।
उद्योगपतियों का 10 लाख करोड़ कर्ज माफ
प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी सरकार उद्योगपतियों के 10 लाख करोड़ के कर्ज माफ कर सकती है लेकिन कर्मचारियों को पेंशन नहीं दे सकती। हम राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पेंशन दे रहे है।
इस दौरान उन्होंने डॉ.वाइएस परमार, वीरभद्र सिंह और जीएस बाली की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार ने हिमाचल को कर्ज में डुबोया है। प्रदेश में 70 हजार करोड़ का कर्ज हो गया है।
प्रियंका ने पहले ज्वालाजी में शीष नवाया
प्रियंका गांधी नगरोटा-बगवां में जनसभा से पहले कांगड़ा के मशहूर शक्तिपीठ ज्वालाजी पहुंची। वहां पर प्रियंका ने मां ज्वाला का आशीर्वाद लिया और पूजा की।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.