अखिल भारतीय कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी आज शिमला पहुंच गई हैं। प्रियंका गांधी शिमला जिले के छराबड़ा में स्थित अपने घर पर ठहरी हुई हैं। 2 दिन बाद 31 अक्टूबर को सुबह के वक्त प्रियंका गांधी पहले कुल्लू में रोड शो करेंगी, दोपहर बाद वह मंडी में जनसभा को संबोधित करेंगी।
4 नवम्बर को चंबा में रोड शो
प्रियंका गांधी 4 नवम्बर को सुबह के वक्त चंबा में रोड शो करेंगी। दोपहर के वक्त कांगड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगी। 7 नवम्बर को सुबह ऊना में रोड शो और दोपहर के समय हमीरपुर में जनसभा करेंगी।
10 नवंबर को शिमला में रोड शो
10 नवंबर को शाम 5 बजे हिमाचल में चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसी दिन सुबह के समय प्रियंका गांधी पहले शिमला में रोड शो करेंगी और दोपहर बाद नाहन में जनसभा करेंगी।
4 दिन में 8 जिले कवर करेंगी प्रियंका
4 दिन में प्रियंका गांधी 8 जिलों को कवर करेंगी। इनमें 2 जनसभाएं और 4 ही रोड शो होंगे। इनके जरिए कांग्रेस अपने पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास करेगी।
परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली में उमड़ी थी भीड़
बता दें कि सोलन के ठोडो ग्राउंड से प्रियंका गांधी 2 सप्ताह पहले 'परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली' करके चुनावी शंखनाद कर चुकी हैं। इसमें प्रियंका को सुनने के लिए काफी भीड़ उमड़ी थी।
प्रियंका से रैली करवाने की ज्यादा मांग
बताया जा रहा है कि कांग्रेस के ज्यादातर प्रत्याशी अपने-अपने चुनाव क्षेत्र में प्रियंका गांधी की रैली की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रियंका की रैली और रोड शो उन स्थानों पर प्लान की गई है, जहां पार्टी की अच्छी ताकत है और इनमें भीड़ आसानी से जुटाई जा सके।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.