हिमाचल में प्रचार के लिए पहुंचे 3 चौपर:BJP ने अपने नेताओं के लिए 2 और कांग्रेस ने 1 हेलिकॉप्टर हॉयर किया

शिमला5 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

हिमाचल में आज से चुनाव प्रचार के लिए नेताओं के तूफानी दौरे तेज होंगे। प्रचार अभियान को गति देने के लिए भाजपा हाईकमान ने हिमाचल BJP के नेताओं को 2 हेलिकॉप्टर दे दिए हैं, जबकि कांग्रेस हाईकमान ने एक हेलिकॉप्टर दिया है।

भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव प्रचार संपन्न होने तक एक हेलिकॉप्टर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के लिए दिया है, जबकि दूसरा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप व दूसरे बड़े नेताओं को दिया गया है, ताकि जनसभा करने के लिए नेताओं को एक जगह से दूसरे स्थान पर जाने में कठिनाई न हो।

शेयरिंग आधार पर हेलिकॉप्टर इस्तेमाल करेंगे नेता

पार्टी पदाधिकारियों की मानें तो नेता शेयरिंग आधार पर हेलिकॉप्टर का प्रयोग करेंगे। जरूरत के हिसाब से प्रदेशाध्यक्ष के अलावा भाजपा के प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, हर्ष महाजन इत्यादि भी हेलिकॉप्टर से जनसभाएं करने जाएंगे।

प्रतिभा सिंह को दिया हेलिकॉप्टर

वहीं कांग्रेस हाईकमान द्वारा प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह को भी हेलिकॉप्टर दिया गया है। प्रतिभा सिंह के कंधों पर कांग्रेस को जिताने का जिम्मा है, क्योंकि कांग्रेस हाईकमान ने वीरभद्र सिंह की कमी को दूर करने की मंशा से ही प्रतिभा सिंह को अध्यक्ष पद की कमान दी है। अब उन्हें ज्यादातर विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं करनी होंगी।

हेलिकॉप्टर से आज सराज के लिए उड़ान भरेंगी प्रतिभा

प्रतिभा सिंह आज इसी हेलिकॉप्टर से CM जयराम ठाकुर के गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के लिए उड़ेंगी। बताया जा रहा है कि कांग्रेस व भाजपा के बड़े नेताओं के पास हेलिकॉप्टर चुनाव प्रचार थमने तक रहेंगे।

हेलिकॉप्टर की मदद से मुख्यमंत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष, भाजपा अध्यक्ष जैसे बड़े नेता एक दिन में 3 से 4 जगह रैली करने का प्रयास करेंगे, जो हिमाचल की विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बिना हेलिकॉप्टर संभव नहीं है।