भारतीय जनता पार्टी ने बागियों को मनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। मगर, कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व अभी शायद 'सो' रहा है। BJP ने राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत आधा दर्जन बड़े नेता बागियों को घर-घर जाकर मना रहे हैं। वहीं कांग्रेस का एक भी राष्ट्रीय नेता अभी फील्ड में नहीं उतर सका।
कांग्रेस दावा कर रही है कि राष्ट्रीय नेता अनीस अहमद बागियों से बात कर रहे है। सच्चाई यह है कि हाईकमान ने उन्हें कांग्रेस वॉर रूम का समन्वयक बनाया है। अनीस अहमद महाराष्ट्र सरकार में पूर्व मंत्री और पूर्व AICC सचिव अनीस रह चुके हैं।
जब जरूरत तब गायब हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता
कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी संजय दत्त और गुरकीरत सिंह कोटली इत्यादि की कांग्रेस को हिमाचल विधानसभा चुनाव का जिताने का जिम्मा दे रखा है। जरूरत के वक्त यह सभी नेता प्रदेश से गायब है।
मनाने के बजाय बागियों को धमका रहे कुछ नेता
PCC के कुछ नेता बागियों को मनाने के बजाय परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे है। ऐसी ही धमकी चौपाल से प्रत्याशी रजनीश किमटा ने बिना किसी का नाम लिए दिए है।
नाराज नेता बोल रहे, पार्टी में ये क्या हो रहा
PCC के अधिकतर नेता अपने-अपने चुनाव क्षेत्र तक सिमट गए हैं। आलम यह है कि कांग्रेस के बागी सरेआम कह रहे हैं कि पार्टी में हो क्या रहा है? पहले कर्मठ नेताओं का टिकट काटा जाता है। अब नाराज नेताओं को कोई पूछ तक नहीं रहा है।
BJP के नेताओं की पूरी फौज मैदान में डटी
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन समेत तमाम BJPनेता बागियों को मनाने में जुटे हैं। भाजपा के सभी नेता घर-घर जाकर अपने बागियों को मना रहे है।
प्रतिभा सिंह के भरोसे छोड़ी पार्टी
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बीते मंगलवार से अकेले मोर्चा जरूर संभाल लिया है, लेकिन एक नेता के भरोसे 68 विधानसभा क्षेत्रों को छोड़ देना अच्छा संकेत नहीं है।
हालांकि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, चुनाव प्रचार समिति अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू, आठ बार के विधायक ठाकुर सिंह, धनीराम शांडिल, आशा कुमारी और राम लाल ठाकुर जैसे वरिष्ठ नेता कांग्रेस के पास है,लेकिन सभी नेता खुद प्रत्याशी है। इसलिए यह नेता दूसरे चुनाव क्षेत्रों को समय नहीं निकाल पाएंगे।
बागियों को मनाने के लिए तीन दिन बचे
कांग्रेस के पास बागियों को मनाने के लिए 3 दिन शेष बचे है। 29 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे के बाद नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। लिहाजा इससे पहले बागियों को मनाना होगा। कांग्रेस के पास अभी 11 चुनाव क्षेत्रों में बागी है, जिन्हें बिठाना पार्टी के लिए चुनौतीपूर्ण रहने वाला है।
पहले टिकट में देरी की, अब प्रचार से मुंह मोड़ा
कांग्रेस हाईकमान ने पहली टिकट आवंटन में देरी की। अब सेंटर से कोई नेता प्रचार और बागियों को मनाने नहीं आ रहा है। प्रदेश कांग्रेस के नाराज नेता कई सीटों पर टिकट आवंटन के लिए सीधे तौर पर हाईकमान को दोषी ठहरा रहे हैं।
बागियों से बात कर रहे नेता
कांग्रेस महासचिव यशवंत छाजटा ने बताया कि अनीस अहमद और PCC के तमाम नेता बागियों से बात कर रहे हैं। दूसरे नेताओं को भी जल्द दौरा तय होगा। सभी अपने अपने काम में जुटे है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.