• Hindi News
  • Local
  • Himachal
  • Shimla
  • BJP: Himachal Pradesh Election Result Counting 2022 LIVE Update; Jairam Thakur Narendra Modi | Himachal BJP AAP Congress Winner MLA List

हिमाचल में कांग्रेस को बहुमत, पार्टी ने 40 सीटें जीती:मुख्यमंत्री पर फैसला कल; भाजपा 25 पर सिमटी, 10 में से 8 मंत्री चुनाव हारे

शिमला6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में एक बार फिर जनता ने रिवाज कायम रखते हुए राज बदल दिया है। यानी, हर चुनाव की तरह इस बार भी सत्ता बदली है। राज्य की 68 सीटों पर वोटों की गिनती समाप्त हो गई है। अंतिम नतीजों में कांग्रेस ने बहुमत के लिए जरूरी 35 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है। कांग्रेस 40 सीटें जीत चुकी है।

वहीं, भाजपा 25 सीटों पर सिमट गई। 2017 के मुकाबले उसे 19 सीटों का नुकसान हुआ। 3 सीटों पर निर्दलियों ने जीत दर्ज की है। MCD चुनाव में भाजपा को हराने वाली आम आदमी पार्टी पहाड़ में खाता भी नहीं खोल पाई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नतीजों के बाद इस्तीफा दे दिया। इधर, कांग्रेस ने नई सरकार के गठन के लिए शुक्रवार को शिमला में निर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाई है।

भाजपा के 8 मंत्री चुनाव हारे
हिमाचल में हर चुनाव में 45 से 75% मंत्रियों के चुनाव हारने का रिकॉर्ड है। इस बार भी जयराम ठाकुर कैबिनेट के 10 में से 8 मंत्री चुनाव हार गए। चुनाव हारने वाले मंत्रियों में सुरेश भारद्वाज, रामलाल मारकंडा, वीरेंद्र कंवर, गोविंद सिंह ठाकुर, राकेश पठानिया, डॉ. राजीव सैजल, सरवीण चौधरी, राजेंद्र गर्ग शामिल हैं। जयराम ठाकुर के अलावा बिक्रम ठाकुर और सुखराम चौधरी ही चुनाव जीत पाए।

ये भी पढ़ें; हिमाचल में हार और गुजरात में जीत पर क्या बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी...

ग्राफिक के जरिए समझें पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार के नतीजे...

पिछले 4 चुनाव में करीब आधे मंत्रियों के हारने का रिकॉर्ड
पिछले चार चुनाव का रिकॉर्ड देखें तो हर बार करीब आधे या उससे ज्यादा मंत्री चुनाव हार गए हैं। 2017 के चुनाव में कांग्रेस के CM वीरभद्र सिंह कैबिनेट के 11 में से 5 मंत्री चुनाव हार गए। 2012 में BJP सरकार में CM प्रेम कुमार धूमल के 10 में से 4 मंत्री चुनाव हार गए। 2007 में वीरभद्र सिंह ने एक साल पहले विधानसभा चुनाव कराए, लेकिन उनकी कैबिनेट के 10 में से 6 मंत्री अपनी सीट हार गए। इसी तरह 2003 में BJP के CM प्रेम कुमार धूमल की कैबिनेट के 11 में से 6 मंत्री जीत नहीं सके।

कांग्रेस में मुख्यमंत्री को लेकर मंथन शुरू
सूत्रों के मुताबिक, हिमाचल में जीत के बाद कांग्रेस में CM चेहरे को लेकर मंथन शुरू हो गया है। नई सरकार के गठन को लेकर कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक शुक्रवार को शिमला में रखी गई है। इसमें हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला और छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के लिए हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर विचार किया जा रहा है। प्रतिभा सिंह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं और मंडी लोकसभा सीट से सांसद भी हैं।

ये भी पढ़ें; कांग्रेस काे हॉर्स ट्रेडिंग का डर, विधायकों को हिमाचल प्रदेश से बाहर ले जाने की तैयारी...

CM ठाकुर रिकॉर्ड 7वीं बार जीते
सराज सीट से CM जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के चेतराम ठाकुर को रिकॉर्ड 20 हजार से ज्यादा वोटों से हरा दिया है। वे रिकॉर्ड 7वीं बार जीते हैं। मंडी जिले की सुंदरनगर सीट पर BJP के राकेश जमवाल ने कांग्रेस के सोहन लाल ठाकुर को 8 हजार 125 वोटों से हराया।

शिमला में कांग्रेस की जीत की खुशी में कार्यकर्ताओं ने पहाड़ी नाटी डांस किया।
शिमला में कांग्रेस की जीत की खुशी में कार्यकर्ताओं ने पहाड़ी नाटी डांस किया।

हिमाचल रिजल्ट को लेकर पीएम और खड़गे क्या बोले...

हिमाचल में कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी की हार पर कहा- भाजपा को स्नेह, समर्थन के लिए हिमाचल की जनता का धन्यवाद। हम राज्य की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए काम करते रहेंगे, जनता के मुद्दे उठाएंगे। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने कहा- यह हिमाचल की जनता के मुद्दों की जीत है। जनादेश के लिए जनता का धन्यवाद।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- हिमाचल प्रदेश हम जीते हैं उसके लिए मतदाताओं का धन्यवाद करता हूं। हमारे प्रेक्षक जा रहे हैं और वह तय करेंगे कि राज्यपाल से कब मिलना है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और प्रियंका गांधी को धन्यवाद देते हैं क्योंकि उनकी वजह से हम जीते हैं।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोले- हिमाचल प्रदेश में बड़ी जीत हुई है। वहां की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा किया है। मल्लिकार्जुन खड़गे जी के अध्यक्ष बनने की बाद यह पहली जीत है और प्रियंका जी ने भी खूब प्रचार किया। यह जीत वहां के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं की जीत है।

हिमाचल में हार के बाद CM रहे जयराम ठाकुर ने कहा- लोकतंत्र की सबसे बड़ी खासियत है कि जनमत का सम्मान होना चाहिए। हमने जनमत का सम्मान किया है। मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया है। हम राज्य में सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे।

अब जान लीजिए कितने सटीक रहे एग्जिट पोल के अनुमान...

दैनिक भास्कर का एग्जिट पोल सही साबित हुआ

हिमाचल इलेक्शन में दैनिक भास्कर का एग्जिट पोल सटीक साबित हुआ। भास्कर ने एग्जिट पोल में कांग्रेस को 30 से 38 सीटें देते हुए बहुमत मिलने की बात कही थी। मतगणना के बाद कांग्रेस को 39 सीटें मिल रही हैं। भाजपा को 25 से 33 सीटें मिलने की बात कही थी। भाजपा को 26 सीटें मिली हैं। निर्दलीय को 1 से 5 सीटों की बात कही थी, जबकि उन्हें 3 सीटें मिली हैं। पूरी खबर पढ़ें...

8 एजेंसीज का अनुमान नतीजों से अलग रहा
5 दिसंबर को गुजरात चुनाव के दूसरे फेज की वोटिंग खत्म होते ही शाम को एग्जिट पोल के अनुमान सामने आए थे। 8 एजेंसीज के सर्वे में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला बताया गया था। यानी सभी एजेंसीज ने भाजपा और कांग्रेस को करीब-करीब बहुमत के आसपास बताया था।

लेकिन 8 दिसंबर को यानी आज जब रिजल्ट सामने आया तो कांग्रेस ने बहुमत से 5 सीटें ज्यादा जीतकर भाजपा के हाथ से सत्ता छीन ली। हालांकि एक्सिस माय इंडिया ने अपने सर्वे में कांग्रेस को 30 से 40 सीटें दी थीं। इसके अलावा अन्य सभी एजेंसीज ने भाजपा-कांग्रेस दोनों को बहुमत के इर्द-गिर्द सीटें दी थीं।

2017 में एग्जिट पोल अनुमान के करीब रहा था
2017 के चुनाव में हिमाचल विधानसभा की 68 सीटों में से भाजपा ने 44 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जबकि कांग्रेस ने 21 सीटें हासिल की थी। भाजपा ने जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाया था। तब 6 एजेंसियों ने अपने सर्वे में भाजपा को बहुमत के साथ सरकार बनाने का अनुमान जताया था। यह अनुमान सही साबित हुआ था।

तस्वीरों में देखें हिमाचल में जीत के बाद कांग्रेस का जश्न...

कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलने के रुझानों के बाद पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के निजी आवास होली-लॉज पर लड्‌डू बांटे गए।
कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलने के रुझानों के बाद पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के निजी आवास होली-लॉज पर लड्‌डू बांटे गए।
कुल्लू में जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ सड़कों पर जश्न मनाया।
कुल्लू में जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ सड़कों पर जश्न मनाया।
कांग्रेस के पक्ष में रुझान आने के बाद शिमला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाचकर खुशी जताई।
कांग्रेस के पक्ष में रुझान आने के बाद शिमला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाचकर खुशी जताई।
शिमला के रिज मैदान पर लोगों ने टीवी स्क्रीन लगाया और चुनाव के अपडेट्स देखें।
शिमला के रिज मैदान पर लोगों ने टीवी स्क्रीन लगाया और चुनाव के अपडेट्स देखें।
कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने जीत के बाद समर्थकों का अभिवादन किया।
कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने जीत के बाद समर्थकों का अभिवादन किया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को जीत की बधाई देने पहुंचे हिमाचल के प्रभारी राजीव शुक्ला और सह प्रभारी तजिंदर बिट्‌टू।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को जीत की बधाई देने पहुंचे हिमाचल के प्रभारी राजीव शुक्ला और सह प्रभारी तजिंदर बिट्‌टू।
कांग्रेस पार्टी के दिल्ली ऑफिस में भी कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर जीत का जश्न मनाया।
कांग्रेस पार्टी के दिल्ली ऑफिस में भी कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर जीत का जश्न मनाया।

विधानसभा चुनाव से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें...

हिमाचल चुनाव में कैसे जीती कांग्रेस: सिर्फ 2% वोट शेयर बढ़ने से कांग्रेस को 19 सीट का फायदा

हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में 6% वोट स्विंग ने सत्ता बदल दी। कांग्रेस को इसमें से सिर्फ 2% ही ज्यादा वोट मिले लेकिन उसने पिछली बार के मुकाबले 19 सीटें ज्यादा जीती। भाजपा को इतनी ही यानी 19 सीटों का नुकसान हुआ। पढ़ें पूरी खबर...

हिमाचल में कांग्रेस विधायकों को सेफ हाउस में रखेगी, पार्टी को खरीद-फरोख्त का डर

हिमाचल प्रदेश में अब तक के रुझानों में कांग्रेस की सरकार बनती दिख रही है। इसके लिए सभी विधायकों को जीत के बाद तुरंत बाद कांग्रेस दफ्तर आने को कहा गया है। वहां से इन्हें अभी चंडीगढ़ ले जाने की तैयारी है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अपने सभी विधायकों को प्रदेश से बाहर दूसरे राज्यों में ले जा सकती है, ताकि इन्हें भाजपा नेताओं के संपर्क से दूर रखा जा सके। पढ़ें पूरी खबर...

गुजरात में 156 सीट जीतकर भाजपा ने नया रिकॉर्ड बनाया, मोरबी में भाजपा कैंडिडेट जीते

गुजरात में भाजपा ने 156 सीटों के साथ जीत का नया रिकॉर्ड बना दिया है। कांग्रेस ने 1985 में माधव सिंह सोलंकी की अगुआई में 149 विधानसभा सीटें जीती थीं। वहीं, नरेंद्र मोदी के CM रहते भाजपा ने 2002 के चुनाव में 127 सीटें जीती थीं। इस जीत के साथ भाजपा ने दोनों रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। CM भूपेंद्र पटेल 12 दिसंबर को गांधीनगर में हेलीपैड मैदान में शपथ लेंगे। पढ़ें पूरी खबर...

6 विधानसभा उपचुनाव में 2 कांग्रेस, 2 BJP जीती, मैनपुरी में रिकॉर्ड 2.88 लाख वोटों से जीतीं डिंपल

देश के 5 राज्यों की 6 विधानसभा सीटों में 2 कांग्रेस और 2 भाजपा को मिली हैं। यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट पर डिंपल यादव ने रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा के रघुराज शाक्य को 2 लाख 88 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। सबसे ज्यादा उलटफेर आजम खान का गढ़ माने जाने वाले रामपुर में हुआ है। यहां 71 साल बाद कमल खिला है। पढ़ें पूरी खबर...

खबरें और भी हैं...