हिमाचल में 22 तक खराब रहेगा मौसम:शिमला में बारिश के साथ पड़े ओले; किसान और बागवान परेशान, टूरिस्ट उठा रहे मौसम का लुत्फ

शिमला3 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

हिमाचल प्रदेश के मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। इससे प्रदेश में ठंड भी ज्यादा हो गई है। आज सुबह से ही शिमला में बादल छाए हुए थे। दोपहर बाद पहले बारिश और फिर ओलावृष्टि हुई। शिमला को छोड़कर बाकी जिलों में अच्छी धूप खिली हुई है। बिलासपुर, सोलन, हमीरपुर, कुल्लू, लाहौल स्पीति, किन्नौर में मौसम साफ बना हुआ है।

शिमला में बारिश का लुत्फ उठाते सैलानी।
शिमला में बारिश का लुत्फ उठाते सैलानी।

शिमला में बारिश के साथ चमक रही बिजली
शिमला में बारिश के साथ बिजली भी कड़क रही है। प्रदेश में आज और कल 2 दिन तक ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी है, लेकिन पहले दिन सिर्फ शिमला में मौसम विज्ञान केंद्र का पूर्वानुमान सच साबित हुआ। अधिकतर जिलों में अच्छी धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी हुई है।

रिज मैदान पर उमड़े लोग और सैलानी
वहीं बारिश के बीच शिमला के रिज मैदान पर काफी लोग जुटे हैं। ज्यादातर टूरिस्ट मौसम के बदलते मिजाज को एंजॉय कर रहे हैं। स्थानीय लोग भी कई दिनों के बाद इस ठंड को महसूस कर रहे हैं। मार्च महीने के अंत में मौसम में इतना परिवर्तन लोगों को हैरान कर रहा है। जो गर्म कपड़े सर्दियों के लिए वापस रख दिए थे, अब दोबारा पहनने पड़ रहे हैं। प्रदेश में 22 मार्च तक मौसम इसी तरह अठखेलियां करेगा।

बारिश के बीच रिज पर टहलती युवतियां।
बारिश के बीच रिज पर टहलती युवतियां।

मौसम विज्ञान केंद्र ने किया अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज और कल 2 दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 2 दिन तक सामान्य बारिश रहेगी। इस अलर्ट से प्रदेश के मध्यम और निम्न ऊंचाई वाले क्षेत्र प्रभावित होंगे।

बागवानों के लिए आफत बनेगी ओलावृष्टि
प्रदेश के सेब बागवानों के लिए ओलावृष्टि काफी नुकसानदायक रहेगी। ओले गिरने से पहले ही बागवानों का काफी नुकसान हो गया है। इस समय सेब की फ्लावरिंग हो रही है, जो ओले गिरने से प्रभावित होगी। नतीजा सेब काफी कम तैयार होंगे।

शिमला के आसमान में छाए बादलों का विहंगम नजारा।
शिमला के आसमान में छाए बादलों का विहंगम नजारा।

तैयार फसलों को होगा नुकसान
अभी खेतों में कई फसलें पूरी तरह से तैयार हैं, जिन्हें किसान एक दो दिन में सब्जी मंडी पहुंचाएंगे। अगर मौसम एडवाइजरी के मुताबिक रहा तो किसानों की चिंताएं बढ़ जाएंगी। टमाटर, मटर, शिमला मिर्च, गोभी को ओलावृष्टि प्रभावित करेगी।

टूरिस्ट को पसंद आ रहा बिगड़ा मौसम
प्रदेश में सैलानियों को बारिश, हलका हिमपात और आसमान में मंडराते काले बादल खूब पसंद आ रहे हैं। वीकेंड पर हजारों टूरिस्ट पहाड़ों का मौसम देखकर हिमाचल आए हैं। प्रदेश के किन्नौर, लाहौल स्पीति, मनाली और शिमला में इस दौरान ज्यादा एडवांस बुकिंग आई है। शिमला आने वाली टॉय ट्रेन आज पूरी तरह से बुक हैं।

बीते 24 घंटो में मनाली के सोलंग नाला, रोहतांग पास, अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल, लाहौल स्पीति में हल्का हिमपात हुआ। बाकी जिलों में बारिश हुई।

खबरें और भी हैं...