हिमाचल की सुखविंदर सुक्खू सरकार से नए साल की शुरुआत से चंद मिनट पहले नए मुख्य सचिव की तैनाती की। CM सुक्खू ने 1990 बैच के IAS एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) प्रबोध सक्सेना को राज्य की अफसरशाही का नया मुखिया बनाया। इसे लेकर देर रात सवा 11 बजे आदेश जारी किए गए।
राम सुभग सिंह को स्पेशल चीफ सेक्रेटरी
मुख्यमंत्री सुक्खू कार्यभार संभालने के पहले ही दिन से ऐसे निर्णय ले रहे हैं, जिसकी वजह से वह सुर्खियां बटोर रहे हैं। इस बार भी अफसरशाही को लेकर उन्होंने कुछ ऐसा ही निर्णय लिया है। CM सुक्खू ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा CS पद से हटाकर प्रधान सलाहकार लगाए गए 1987 बैच के राम सुभग सिंह को स्पेशल चीफ सेक्रेटरी पावर और स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड का चेयरमैन लगाया।
संजय गुप्ता को भी चीफ सेक्रेटरी रैंक
1988 बैच के IAS अधिकारी एवं प्रधान सलाहकार संजय गुप्ता को रोपवे एंड रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन का CMD यानी चेयरमैन कम मैनेजिंग डायरेक्टर बनाया है। संजय गुप्ता की तैनाती के साथ ही आरडी नजीम इस पद से भारमुक्त हो गए हैं। संजय गुप्ता को राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HPPCB) के चेयरमैन का भी अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। इन्हें भी चीफ सेक्रेटरी के समान रैंक दिया गया।
CM को रिपोर्ट करेंगे राम सुभग और संजय गुप्ता
सूबे के नए मुख्य सचिव से सीनियर दोनों IAS राम सुभग सिंह और संजय गुप्ता, प्रबोध सक्सेना को रिपोर्ट करने की बजाय सीधे मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू को रिपोर्ट करेंगे। राम सुभग सिंह मुख्यमंत्री को दुध उत्पादन बढ़ाने और इसकी खरीद के लिए भी सलाह देते रहेंगे।
पूर्व CM जयराम ठाकुर ने आरडी धीमान की ताजपोशी के बाद इन दोनों अधिकारियों को प्रधान सलाहकार लगा रखा था। इनके अलावा सिनियोरिटी में दूसरे नंबर की निशा सिंह को भी प्रधान सलाहकार लगाया था। अब आरडी धीमान के रिटायर होने के बाद अफसरशाही में फिर से फेरबदल किया गया।
5 IAS की सिनियोरिटी नजरअंदाज
पूर्व सरकार ने CS की तैनाती के लिए 4 IAS की सिनियोरिटी को नजरअंदाज किया था। अब CM सुक्खू ने भी 5 IAS की सिनियोरिटी को नजरअंदाज किया है। हालांकि प्रबोध सक्सेना से सीनियर 2 ब्यूरोक्रेट सेंटर डेपुटेशन पर हैं।
यह विभाग देख रहे थे प्रबोध
मुख्य सचिव बनाए गए प्रबोध सक्सेना अभी तक सबसे महत्वपूर्ण वित्त विभाग, प्लानिंग, इकोनॉमिक्स एंड स्टेटेस्टिक्स और सरकार के 20 पॉइंट प्रोग्राम के अलावा कार्मिक विभाग, एन्वायर्नमेंट साइंस एंड टेक्नोलॉजी और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन का काम देख रहे थे। अब राज्य के मुख्य सचिव बनाए गए हैं।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं प्रबोध
1990 बैच के IAS प्रबोध सक्सेना मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इनका जन्म 1965 में हुआ है। वह 2025 तक सेवाएं देंगे। वह अर्थशास्त्र और कानून में लॉ ग्रेजुएट हैं।
सुक्खू सरकार में दूसरे मुख्य सचिव होंगे प्रबोध
राज्य की सुक्खू सरकार में प्रबोध सक्सेना दूसरे मुख्य सचिव बने। बीते कल ही आरडी धीमान के रिटायर होने के बाद प्रबोध सक्सेना को यह कमान दी गई है।
जयराम सरकार ने 5 साल में लगाए 7 CS
पूर्व की जयराम सरकार ने 5 साल में 6 मुख्य सचिव बदले थे। पहले VC फारका को हटाकर BK अग्रवाल को मुख्य सचिव लगाया। इसके बाद विनीत चौधरी, डॉ. श्रीकांत बाल्दी, अनिल खांची, राम सुभग सिंह और आखिर में आरडी धीमान को CS बनाया। इनमें से VC फारका, BK अग्रवाल, अनिल खाची और राम सुभग सिंह अपना कार्यकाल भी पूरा नहीं कर सके।
हिमाचल के IAS की सिनियोरिटी
हिमाचल कॉडर के IAS की सिनियोरिटी पर नजर दौड़ाएं तो नंबर एक पर प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, 2 नंबर पर प्रधान सलाहकार निशा सिंह, तीसरे स्थान पर सेंटर डेपुटेशन पर चल रहे अली रजा रिजवी, चौथे नंबर पर प्रधान सलाहकार संजय गुप्ता, 5वें नंबर पर मुख्य सचिव RD धीमान (रिटायर), छठे नंबर पर सेंटर डेपुटेशन पर गए के. संजय मूर्ति और 7वें नंबर पर चल रहे ACS प्रबोध सक्सेना हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.