शिमला में एक युवक पर तेंदुए ने हमला कर उसे लहुलुहान कर दिया। युवक पर तेंदुए ने यह हमला फाइव बैंच के पास किया। युवक को IGMC में भर्ती करवाया गया। उसके हाथ और बाजू पर गहरे जख्म हैं। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
शिमला के निजी होटल में शैफ का काम करने वाले विजय ने बताया कि वह बुधवार रात करीब 11 बजे होटल से काम करके घर लौट रहा था। उसका घर जाखू एरिया में है। जब वह जाखू को जाने वाले फाइव बैंच के रास्ते पर जा रहा था, तभी पीछे से तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए ने उसकी पीठ और बाजू पर पंजा मारा जिसकी वजह से वह जमीन पर गिर पड़ा। इसकी वजह से हाथ में चोट आई। उसकी बाजू और पीठ पर तेंदुए के पंजे की वजह से जख्म हो गए।
लोग नहीं आते तो मार डालता तेंदुआ
विजय ने बताया कि तेंदुए के हमले के बाद नीचे गिरते ही उसने शोर मचा दिया। उसके चिल्लाने की आवाजें सुनकर आसपास से कुछ लोग दौड़कर फाइव बैंच की ओर आए। अगर मदद के लिए लाेग नहीं पहुंचते तो तेंदुआ उसे मारकर जंगल में ले जाता।
हर बार नाकाम साबित हाेता है पिंजरा
शिमला शहर के कई क्षेत्रों में घूम रहे तेंदुए वाइल्ड लाइफ विभाग की पकड़ में नहीं आ रहे। तेंदुओं को पकड़ने के लिए विभाग कई जगह पिंजरे लगा रहा है। इन पिंजरों को तेंदुओं के लिए मांस भी रखा जाता है मगर वह पिंजरों के आसपास भी नहीं फटकते।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.