मौसम विज्ञान केंद्र हिमाचल प्रदेश के सभी पर्यटक स्थलों समेत धार्मिक जगहों पर वेदर डिस्पले स्क्रीन लगाने जा रहा है, ताकि सैलानियों और श्रद्धालुओं को हिमाचल के पल-पल के मौसम की जानकारी मिल सके। समय रहते श्रद्धालु और टूरिस्ट मौसम के अनुसार अपने आप को तैयार कर सकें। प्रदेश मैं हर साल मानसून के दौरान कई सैलानियों की जान जाती है।
इसका मुख्य कारण प्राकृतिक आपदा है। हर साल बेमौत मारे जाने वाले सैलानियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने यह फैसला लिया है। जिसके तहत सभी पर्यटक और पवित्र धार्मिक स्थलों पर मौसम की जानकारी देने के लिए एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। अगर मौसम में जरा भी बदलाव होता है तो इसकी विस्तृत जानकारी इन स्क्रीन से सैलानियों को मिल जाएगी।
शिमला में होगा इनका कंट्रोल
वेदर डिस्पले स्क्रीन का कंट्रोल मौसम विज्ञान केंद्र शिमला में होगा। ऑनलाइन सभी एलईडी स्क्रीन यहां से कनेक्ट होंगी। ऐसे में जैसे ही मौसम विज्ञान केंद्र शिमला को मौसम में हुए बदलाव की जानकारी मिलेगी, वह तुरंत इन एलईडी स्क्रीन पर डिस्प्ले हो जाएगी।
पहले चरण में 4 जगह पर लगेगी डिस्प्ले स्क्रीन
मौसम विज्ञान केंद्र ने पहले चरण में स्क्रीन लगाने के लिए 4 जगहों का चयन कर लिया है। इसमें शिमला, चंबा का डलहौजी, प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा बालक नाथ और चामुंडा मंदिर शामिल हैं। इस तहर मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से दो पर्यटक और दो धार्मिक स्थल चुने गए हैं। अगर यहां से मौसम विज्ञान केंद्र को अच्छी प्रतिक्रिया मिलती है तो अन्य जगहों पर भी डिस्पले स्क्रीन लाई जाएगी।
1 सप्ताह तक के मौसम की मिलेगी जानकारी
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से लगाई जाने वाली इन डिस्पले स्क्रीन पर श्रद्धालुओं और सैलानियों को 1 सप्ताह तक के मौसम की जानकारी मिलेगी। वहीं अगर मौसम में कुछ बदलाव हो रहा है तो इसकी जानकारी भी तुरंत मुहैया करवाई जाएगी। पल-पल की अपडेट दी जाएगी। इससे स्थानीय लोगों को भी फायदा होगा। वह भी अपने क्षेत्र में मौसम को लेकर अलर्ट रहेंगे और उसी हिसाब से तैयारियां रखेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.