दिल्ली में बैठी मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को तहस-नहस कर दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने शिमला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी विकराल रूप ले चुकी है। देश की इकोनॉमी को खराब कर लिया गया है।
अखिलेश प्रताप ने कहा कि आज भारत का कुल कर्जा 155 लाख करोड़ है। इसमें से PM मोदी ने मात्र 9 साल में 101 लाख करोड़ का कर्ज ले लिया है। यानी जितने प्रधानमंत्री 2014 तक हुए, उन सभी से दोगुना कर्जा अकेले मोदी ने 9 साल में ले लिया।
उन्होंने कहा कि कर्जा लेने के बाद प्रधानमंत्री अपने पूंजीपति मित्रों का कर्जा माफ कर रहे हैं। इससे बैंक भी दिवालिया हो रहे हैं। बैंकों का 12-13 लाख करोड़ NPA हो गया है। हिंदुस्तान की 60 फीसदी संपत्ति चंद लोगों के हाथ में है। उन्होंने कहा कि किसी गरीब व जरूरतमंद को कोई सहायता नहीं मिल रही।
अखिलेश प्रताप ने कहा कि गैस, डीजल, पेट्रोल के दाम बढ़ाकर मोदी सरकार ऐसा महसूस कर रही जैसे GDP बढ़ा दी हो। दूध, दही, पनीर, कपड़ों पर भी टैक्स लगा दिया।
सरहद पर पुल, बंकर, सड़कें व घर बना रहा चीन: कांग्रेस
AICC प्रवक्ता ने कहा कि BJP विदेश नीति की तमाम बातें करती रही है। आज चीन की गुस्ताखियां किसी से नहीं छिपी। सरहद पर पुल, बंकर, सड़क, घर बनाता जा रहा है। आज नेपाल भी भारत को आंखें दिखा रहा है। मोदी सरकार केवल इवेंट मैनेजमेंट से सब हरा-भरा दिखाने का प्रयास कर रही है।
कल पूरे देश में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत: अखिलेश
अखिलेश प्रताप ने कहा कि देश में मोदी सरकार नफरत फैला रही है। इस नफरत के माहौल को खत्म कर देश को एकजुट करने के लिए कांग्रेस कल से पूरे देश में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाने जा रही है। हिमाचल में भी ब्लॉक स्तर पर यह यात्रा शुरू होगी। अगले दो महीने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पंचायत व बूथ स्तर तक जाकर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बारे में देशवासियों को अवगत कराएंगे।
प्रतिभा सिंह ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
इससे पहले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने स्टेटहुड डे पर कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान कांग्रेस सेवादल की टुकड़ी ने ध्वज रक्षक जय प्रकाश की अगुवाई में सलामी दी।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि आज ही के दिन प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा हासिल हुआ। प्रदेश आज विकास के मॉडल के तौर पर जाना जाता हैं। उन्होंने इसके लिए प्रदेश के लोगों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से प्रदेश का विकास सम्भव हुआ हैं।
ये नेता रहे मौजूद
इस दौरान पूर्व विधायक आदर्श सूद, आनंद कौशल, यशवंत छाजटा, यशपाल तनाईक, जितेंद्र चौधरी, जैनब चंदेल, अमित नंदा, वेद प्रकाश ठाकुर, भूपेंद्र कंवर, बलदेव ठाकुर, ऊषा मेहता, रिपना, वीरेंद्र बांशतु, आभा नेगी, एसएस जोगटा, इत्यादि कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.