सुक्खू सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश नगर निगम (संशोधन) नियमों में संशोधन किए जाने के बाद लोगों में वोट बनवाने के लिए होड़-सी लग गई है। शिमला नगर निगम (MC) चुनाव के लिए 4 दिन में ही लगभग 9 हजार लोगों ने वोट बनवाने के लिए अप्लाई किया है। इलेक्शन कमीशन अब इन आवेदनों की छंटनी कर रहा है। इससे पहले MC शिमला में लगभग 78 हजार लोगों के वोट बन चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि पूर्व जयराम सरकार ने मार्च 2022 में नगर निगम चुनाव नियमों में संशोधन किया। तब नगर निगम चुनाव में केवल उन्हीं लोगों को वोट देने का अधिकार दिया गया, जिन्होंने शिमला में विधानसभा चुनाव में वोट डाला है। पूर्व सरकार ने नियमों में संशोधन करके ड्यूल वोट (2 जगह) कटवाए और 2 जगह वोट बनवाने को अपराध की श्रेणी में शामिल किया।
वोटर लिस्ट से 20 हजार के काटे गए थे नाम
BJP सरकार के संशोधन के बाद MC शिमला क्षेत्र की वोटर लिस्ट से लगभग 20 हजार वोटरों के नाम काटे गए। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद सुक्खू सरकार ने अध्यादेश लाकर नियमों में दोबारा संशोधन किया और शिमला शहर में रह रहे सभी लोगों को वोट देने के अधिकार दिया। यानी जिस व्यक्ति ने विधानसभा चुनाव में धर्मशाला में वोट दिया है और वह शिमला में रह रहा है। ऐसा व्यक्ति भी शिमला MC चुनाव में अब वोट डाल सकेगा।
सभी को मिलना चाहिए वोट का अधिकार: चौहान
MC शिमला के पूर्व मेयर संजय चौहान ने बताया कि पूर्व में कई लोगों को वोट देने के अधिकार से वंचित कर दिया गया था। संशोधन के बाद इसमें सुधार किया गया। माकपा ने भाजपा सरकार द्वारा किए गए संशोधन के खिलाफ स्टेट इलेक्शन कमीशन में भी आपत्ति जताई थी। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति वोट देने के अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए।
अब 50 रुपए शुल्क देकर बनेगा वोट
शिमला MC चुनाव की मतदाता सूची 6 अप्रैल को प्रकाशित की जाएगी। डोर टू डोर और वार्डों में जाकर वोटर लिस्ट बनाने का काम पूरा कर लिया गया है। अब पात्र मतदाता नॉमिनेशन भरने के 7 दिन पहले तक वोट बना सकेंगे, लेकिन अब यह निशुल्क नहीं होगा। इसके लिए प्रत्येक मतदाता को 50 रुपए शुल्क देना होगा।
अप्रैल में चुनाव की तारीखों का ऐलान
6 अप्रैल को वोटर लिस्ट बनने के बाद स्टेट इलेक्शन कभी भी MC चुनाव का ऐलान कर सकता है। MC शिमला के चुनाव बीते साल मई में ड्यू थे, लेकिन तब डिलिमिटेशन को कोर्ट में चुनौती की वजह से समय पर चुनाव नहीं हो पाए।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.