हिमाचल प्रदेश के मंडी में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की रैली बारिश से धुल गई। दोपहर 12:05 बजे छोटी काशी में तेज बारिश शुरू हुई। तब तक पंडाल लगभग पूरा भर गया था। खराब मौसम की वजह से प्रधानमंत्री इस रैली में नहीं पहुंच पाए। इसके बाद PM ने दोपहर 12.25 बजे के दिल्ली से ही वर्चुअली संबोधन शुरू किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हिमाचल को वर्ल्ड फार्मा हब बनाया जाएगा। इससे दुनिया भर में हिमाचल को पहचान मिलेगी। इसके लिए हिमाचल में बल्क ड्रग पार्क बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल न आने का मलाल है। यह जनता का प्यार है कि भारी बारिश में भी कुर्सियों का छाता बनाकर खड़े हैं। मंडी में हो रहा आयोजन युवाओं के जोश का प्रतीक है।
पूरी दुनिया में बढ़ रही भारत की साख
प्रधानमंत्री ने कहा जैसे जैसे पूरी दुनिया में भारत की साख बढ़ रही है। वैसे वैसे भारत को जानने और समझने के लिए पूरी दुनिया लालायित हो रही है। इसका श्रेय उन्होंने हिंदुस्तान के मतदाताओं को देते हुए कहा कि बहुत दशक तक हमारे देश में सरकारें आसीन रही। किसी को बहुमत नहीं था। सरकारें कितने दिन चलेगी? चल पाएगी या नहीं? दुनियाभर में इसे लेकर आशंका रहती थी।
इस वजह से भारत की किसी बात पर दुनिया विश्वास नहीं करती थी, लेकिन 2014 में जागरूक मतदाताओं ने स्थिर सरकार बनाई। इससे नीतियों और कल्चर में भी स्थिरता आई है।
हिमाचल में सरकार बदलने की सोच उखाड़ फेकेंगे: मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इससे पहले उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की जनता ने पांच साल बाद सरकार बदलने की सोच को उखाड़ फेंका है। अब हिमाचल की बारी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में जनता भी भाजपा सरकार को दोबारा सत्ता में लाने का मन बना चुकी हैं। हिमाचल में साफ नीयत के साथ भाजपा ही सरकार चला सकती है।
हिमाचल के हस्तशिल्प का जिक्र करना नहीं भूले PM
हर बार की तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार हिमाचल के हस्तशिल्पों की प्रशंसा करना नहीं भूले। उन्होंने कहा कि कुल्लवी शॉली, किन्नौरी शॉल, चंबा का रुमाल, कांगड़ा की पेंटिंग, चंबा के चप्पल या लाहौल की गर्म जुराबें हों, इन सभी को GI टैग किया गया। इससे दुनिया में इन उत्पादों की प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि उनका जब भी विदेश में जाना होता है और तो हिमाचल के इन उत्पादों को उपहार के रूप में देते हैं, ताकि पूरी दुनिया को हिमाचल के इन उत्पादों के बारे में पता चल सके।
UPA सरकार की तुलना में NDA ने सात गुणा ज्यादा बजट दिया: मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने बीते आठ सालों में हिमाचल के नेशनल हाइवे के रखरखाव के लिए 14,000 करोड़ रुपए दिए है। इससे पहले केंद्र से 2,000 करोड़ से भी कम मिलते थे। यानी सात गुना ज्यादा राशि दी है।
रोपवे और वाइब्रेंट योजना से हिमाचल को लाभ
नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस वर्ष के केंद्रीय बजट में दो बड़े प्रोग्राम घोषित किए। इनमें एक पहाड़ी प्रदेशों के लिए रोपवे के नेटवर्क को विस्तार देने और दूसरा वाइब्रेंट विलेज योजना है। रोपवे से हिमाचल की जनता लाभान्वित होगी। खासकर पर्यटन उद्योग का बहुत ज्यादा लाभ मिलेगा। इसी तरह वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत हिमाचल के बार्डर एरिया पर गांव का विकास किया जा रहा है।
हिमाचल में मुद्रा योजना के तहत दिए 14,500 करोड़ के ऋण
नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुद्रा योजना में जैसे होम स्टे को हिमाचल ने गति दी है, वह सराहनीय है। हिमाचल में भी मुद्रा योजना के तहत 14,500 करोड़ के मुद्रा लोन दिए जा चुके है। प्रधानमंत्री ने हिमाचल को किसानों बागवानों का प्रदेश बताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में फूड प्रोसेसिंग यूनिट इत्यादि का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। इससे युवाओं को रोजगार मिलता है। उन्होंने देश में सबसे पहले ड्रोन पॉलिसी बनाने के लिए हिमाचल सरकार को बधाई दी है।
युवाओं को प्राथमिकता देना भाजपा की प्राथमिकता: मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं को ज्यादा से ज्यादा अवसर देना हमेशा भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। भाजपा देश का वह राजनीतिक दल है, जिसमें युवाओं का नेतृत्व सर्वाधिक है। ऐसा इसलिए क्योंकि भाजपा युवाओं पर सबसे ज्यादा भरोसा करती है।
उन्होंने कहा कि बीते आठ सालों से देश में उच्च शिक्षा के लिए अनेकों संस्थान शुरू किए जा चुके है। सरकार ने वर्क फ्रॉम होम के लिए जो नीतियां बनाई है। हिमाचल का टूरिज्म क्षेत्र इससे लाभान्वित होगा।
हाटी समुदाय को मिलेगा लाभ: मोदी
आखिर में प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र ने सिरमौर के हाटी समुदाय को जनजातीय का दर्जा देने को मंजूरी दी है। इससे क्षेत्र के लोगों को बहुत बड़ा लाभ मिलने वाला है।
प्रधानमंत्री ने फिर किया निराश
कांग्रेस कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर हिमाचल को निराश किया है। उन्होंने कहा कि कर्ज में डूबे हिमाचल के लिए कोई बड़ी आर्थिक सहायता करने की उम्मीद लोग प्रधानमंत्री से कर रहे थे, लेकिन हर बार की तरह प्रधानमंत्री ने केवल हिमाचल को अपना दूसरा घर बताकर यहां से गहरा नाता होने की बात कर लोगों को निराश किया।
नरेश चौहान ने जयराम सरकार पर भी हमला बोला और कहा कि यह सरकार हिमाचल के 70 लाख लोगों के लिए केंद्र की मोदी सरकार से कुछ भी नहीं मांग पा रही। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार इस तरह के आयोजन कर कर्ज में डूबे सरकारी खजाने पर करोडों का बोझ डाल रही है। सरकार को कर्ज पर व्हाइट पेपर लाकर प्रदेश की जनता को बताना चाहिए कि कर्ज के पैसे को कहां-कहां पर खर्च किया गया।
उन्होंने कहा कि नरेद्र मोदी ने केंद्र में भाजपा सरकार बनने पर सेब पर इंपोर्ट डयूटी 100 फीसदी करने के साथ ही एप्पल कंस्ट्रेट को कोल्ड ड्रिंक्स में मिलाने का वादा किया था। मगर आज तक कुछ भी नहीं किया।नरेश चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल के लिए 69 एऩएच देने की घोषणाएं कीं। एनएच बनाने का काम तो दूर इनकी डीपीआर भी नहीं बनाई गई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.