कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा की जा रही कार्रवाई के विरोध में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस उग्र हो गई है। प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह की अगुवाई में कांग्रेस ने वीरवार को राजभवन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की हुई।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम और केसी बेणु गोपाल पर बीते कल पुलिस द्वारा किए गए व्यवहार की निंदा की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को तानाशाही पर लगाम लगानी होगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस केवल धरने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आंदोलन को उग्र किया जाएगा।
हम न डरेंगे, न झुकेंगे, सत्य के लिए लड़ेंगे: प्रतिभा
प्रतिभा सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों के दुरुपयोग कर रही है। ED, CBI और इनकम टैक्स के जरिए राजनीतिक विरोधियों को कुचला जा रहा है। इसलिए कांग्रेस लोकतंत्र बचाओ अभियान शुरू करेगी। इसी कड़ी में कल यानी शुक्रवार को सभी जिलों में प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम न डरेंगे, न झुकेंगे, सत्य के लिए लड़ेंगे।
दिल्ली में तानाशाह का राज: राठौर
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने कहा कि दिल्ली में ऐसा लग रहा है जैसे कोई तानाशाह राज कर रहा हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को बार बार ED बुला रही है। उन्हें सोची-समझी रणनीति के तहत हतोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं को यदि इसी तरह परेशान किया जाता रहा तो आने वाले दिनों में हर हली-मोहल्ले में इस तरह के प्रदर्शन किए जाएंगे।
अग्निवीर भर्ती योजना युवाओं से धोखा: विक्रमादित्य
कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्र ने तीन से सेना में एक भी भर्ती नहीं की, जबकि देश में लाखों युवा सालों से सेना में जाने के लिए तैयारी कर रहे हैं। अब मोदी सरकार ने अग्निवीर भर्ती योजना में चार साल नौकरी देकर युवाओं को आग में झोंकने की तैयार कर चुकी है। उन्होंने कहा ऊना, धर्मशाला, हमीरपुर इत्यादि क्षेत्रों में युवा अग्निवीर भर्ती योजना का सड़कों पर उतर कर विरोध कर चुके हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.